कांग्रेस के पदाधिकारी अपनी सहूलियत के हिसाब से निर्देशों का कर रहे पालन
पार्टी सूत्र बताते हैं कि उत्तर जिलाध्यक्ष कोविड संक्रमित हैं। ऐसे में वह आलाकमान से मिले निर्देशों का अभी तक पालन नहीं कर सके। अपने अधीनस्थ पदाधिकारियों को इसके लिए उन्होंने लगाया है हालांकि अभी तक पदाधिकारी कोविड हेल्प सेंटर के लिए जिम्मेदार सेवक दल नहीं बना पाए।
कानपुर, जेएनएन। कोविड संक्रमण से हर कोई डरा हुआ है। ऐसे में पहले अपनी जान फिर निर्देशों का पालन किया जा रहा है। कांग्रेस में भी फिलवक्त ऐसा ही हो रहा है। दरअसल, प्रदेश कांग्रेस कमेटी कोई निर्देश जारी करती है तो पदाधिकारी अपनी अपनी सहुलियत के अनुसार दिशा निर्देशों का पालन कर रहे हैं। प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने प्रदेश के सभी जिला प्रभारियों के साथ ऑनलाइन मीटिंग की।
इसमें कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका वाड्रा ने कानपुर के तीनों जिलाध्यक्षों को एक ही दिन कोविड हेल्प सेंटर खोलने के निर्देश दिए थे लेकिन दक्षिण जिलाध्यक्ष ने इसमें बाजी मार ली। उन्होंने उसी दिन कोविड हेल्प सेंटर शुरू कर दिया। इसमें आम जनमानस को तीन डॉक्टरों की सुविधा भी मुहैया करानी थी। इसके ठीक तीन दिन बाद नगर ग्रामीण कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने कोविड हेल्प सेंटर की शुरूआत की, जबकि उत्तर जिलाध्यक्ष अभी तक इस पर कोई अमल नहीं कर पाए।
पार्टी सूत्र बताते हैं कि उत्तर जिलाध्यक्ष कोविड संक्रमित हैं। ऐसे में वह आलाकमान से मिले निर्देशों का अभी तक पालन नहीं कर सके। अपने अधीनस्थ पदाधिकारियों को इसके लिए उन्होंने लगाया है हालांकि अभी तक पदाधिकारी कोविड हेल्प सेंटर के लिए जिम्मेदार सेवक दल नहीं बना पाए। पार्टी सूत्रों का कहना है कि अंदर खाने मची खींचतान का नतीजा है कि अधीनस्थ इस कार्य में रूचि नहीं ले रहे हैं। जिसके बाद उपर तक यह संदेश जाएगा कि उत्तर जिलाध्यक्ष पार्टी के निर्देशों का पालन नहीं कर पा रहे हैं।