कांग्रेस नेता रोहित चौधरी ने कहा, सक्रिय कार्यकर्ता को ही पार्टी देगी जिम्मेदारी Kanpur News
पश्चिमी उप्र के प्रभारी सचिव ने तिलक हाल में संगठन की मजबूती और गोविंद नगर टिकट पर किया मंथन।
कानपुर, जेएनएन। लोकसभा चुनाव में करारी शिकस्त के बाद कांग्रेस जिलों में संगठन को मजबूत करने में जुटी है। इसी क्रम में गुरुवार को संगठन की मजबूती और गोविंद नगर विधानसभा सीट पर दावेदारों की टिकट को लेकर मंथन किया गया। करीब तीन घंटे चले इस मंथन के बाद पश्चिमी उत्तर प्रदेश के प्रभारी सचिव रोहित चौधरी ने साफ कहा कि पार्टी उन्हें ही जिम्मेदारी देगी जो सक्रिय हैं। शुक्रवार को नगर ग्रामीण और कानपुर देहात के संगठन की मजबूती को लेकर चर्चा होगी।
तिलक हाल में पश्चिमी उत्तर प्रदेश के प्रभारी सचिव रोहित चौधरी और कानपुर लोकसभा प्रभारी पंकज उपाध्याय तिलक हाल पहुंचे तो हलचल तेज हो गई। कार्यकर्ताओं ने अपने नेताओं की दावेदारी को लेकर नारेबाजी भी की। इसके बाद शुरू हुआ दावेदारों का साक्षात्कार और कार्यकर्ताओं के मन की बात जानने का सिलसिला। प्रभारी सचिव ने बताया कि संगठन की मजबूती कांग्रेस के प्राथमिक एजेंडे में है। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव कांग्रेस अकेले लड़ेगी। किसी भी पार्टी के साथ मिलकर चुनाव नहीं लड़ा जाएगा।
पार्टी के भितरघातियों पर उन्होंने कहा कि कानपुर नया नहीं है, कौन क्या कर रहा है, सब जानते हैं। सक्रिय सदस्यों को ही जिम्मेदारी दी जाएगी। एक दो दिन में पार्टी आलाकमान को अपनी रिपोर्ट सौंप देंगे। इस दौरान पार्टी के फ्रंटल संगठनों के प्रभारियों ने भी मुलाकात की और अपनी बात रखी। मुलाकात करने वालों में हरप्रकाश अग्निहोत्री, शैलेंद्र दीक्षित, अंबुज शुक्ला, प्रदीप मिश्रा, आलोक मिश्रा, राजकुमार शुक्ला, कृष्णमणि देव सिंह, पवन गुप्ता, शरद मिश्रा, कमल जायसवाल, कृपेश त्रिपाठी, अभिनव तिवारी, कनिष्क पांडेय, आयुष अग्रवाल, पुनीत राज शर्मा मौजूद रहे।