प्रमोद तिवारी ने कहा, कहां गया आरबीआई से निकाला दैवीय आपदा का 1.76 लाख करोड़ Kanpur News
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व राज्यसभा सदस्य गोविंद नगर उपचुनाव में पार्टी प्रत्याशी के समर्थन में आए थे।
कानपुर, जेएनएन। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व राज्यसभा सदस्य प्रमोद तिवारी ने कहा है कि 45 वर्षों में पहली बार बेरोजगारी चरम पर है। भारतीय रिजर्व बैंक में दैवीय आपदा के नाम पर जमा 1.76 लाख करोड़ रुपये निकाल लिया गया, यह धन कहां गया। कहा, उत्तर प्रदेश में होने वाले 2022 के विधानसभा चुनाव प्रियंका वाड्रा के नेतृत्व में लड़ा जाएगा। प्रदेश में हो रहे उपचुनावों में ज्यादातर सीटें कांग्रेस जीतेगी। हमारी सीधी टक्कर भाजपा से है, सपा-बसपा कहीं नहीं हैं।
गोविंदनगर सीट पर उपचुनाव में प्रत्याशी के समर्थन में शहर आए कांग्रेस नेता प्रमोद तिवारी ने कई वरिष्ठ नेताओं द्वारा पार्टी छोडऩे के सवाल पर कहा, उनका मनोबल टूट रहा है जबकि कार्यकर्ता पूरे जोश में हैं, यह राजनीतिक बीमारी है। कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी पर हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर की टिप्पणी पर कहा कि सत्ता के मद में सत्ताधारी नेता मर्यादा भूल गए हैं।
पार्टी में प्रदेश स्तर पर हुए फेरबदल के सवाल पर बोले, विधानसभा चुनाव में हार की जिम्मेदारी लेते हुए प्रदेश अध्यक्ष रहे राज बब्बर ने इस्तीफा दे दिया था। चूंकि कार्य अजय कुमार लल्लू देख रहे थे, इसलिए उन्हीं को जिम्मेदारी दे दी गई। राम मंदिर के सवाल पर बोले कांग्रेस पहले से ही कह रही थी कि समस्या का समाधान समझौता है अथवा सुप्रीम कोर्ट का आदेश। सरकार ने शाहजहांपुर की दुष्कर्म पीडि़ता को जेल में डाल दिया जबकि आरोपित स्वामी चिन्मयानंद चिकित्सा के नाम पर अस्पताल में हैं।