इंटरनेट मीडिया से विरोधियों को परास्त करेगी कांग्रेस, चुनावी प्रचार के लिए आइटी सेल
कांग्रेस ने 22 महासचिव और 41 सचिव मनोनीत किए हैं। अब इंटरनेट मीडिया वाट्सअप फेसबुक और ट्वीटर पर राजनीतिक घमासान करने का मूड बना लिया है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने इसके लिए सूची जारी कर दी है ।
कानपुर, जेएनएन। जमीन पर चुनाव प्रचार की जगह अब इंटरनेट मीडिया जैसे वाट्सअप, फेसबुक और ट्वीटर पर राजनीतिक घमासान ज्यादा किफायती हो गया है। राजनीतिक रसाकसी के बीच यह फायदेमंद भी साबित हो रहा है। ऐसे में भाजपा की तर्ज पर कांग्रेस ने भी सोशल मीडिया साइट पर चुनावी द्वंद के लिए वेब टीम को मैदान में उतार दिया है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने इसके लिए सूची जारी कर दी है।
भारतीय जनता पार्टी ने आइटी सेल बना रखी है। बीते वर्षों में उन्हें इस आइटी सेल का फायदा भी खूब मिला है। अब उसी तर्ज पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने 63 सदस्यों की सूची जारी की है। इसमें 22 महासचिव और 41 सचिव शामिल हैं। पार्टी सूत्र बताते हैं कि इस सूची में शामिल युवकों का उनकी काबिलियत के आधार पर चयन किया गया है। इस टीम में शामिल लोगों में जहां कई कांग्रेस पार्टी के सदस्य हैं वहीं अलग-अलग यूनिवर्सिटी के छात्रों काे भी इस टीम में जगह दी गई है।
पार्टी सूत्र बताते हैं कि वेब टीम के गठन की तैयारियां लंबे समय से चल रही हैं। इसके लिए सोशल मीडिया में पारंगत युवकों को चुना गया है। इनमें से अधिकतर युवकों के फॉलोवर की संख्या भी अधिक है। सोशल मीडिया पर राजनीतिक प्रचार की जंग के दौरान वेब टीम के सदस्यों की फॉलोवर संख्या काफी मददगार साबित होगी। शहर कांग्रेस कमेटी के निवर्तमान अध्यक्ष हरप्रकाश अग्निहोत्री बताते हैं कि प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने वेब टीम का गठन कर दिया है। गठन के साथ ही काम भी शुरू हो चुका है।