गोविंद नगर उपचुनाव : कांग्रेस की उम्मीदवार करिश्मा ठाकुर ने भी कराया नामांकन, अब भाजपा व सपा पर नजर Kanpur News
बारिश के बीच कार्यकर्ताओं के साथ पहुंचीं कलेक्ट्रेट पर्चा भरने के बाद किया संबोधित।
कानपुर, जेएनएन। गोविंद नगर विधानसभा सीट के उपचुनाव में कांग्रेस की उम्मीदवार करिश्मा ठाकुर ने भी नामांकन के पांचवे दिन शुक्रवार को पर्चा भर दिया। पहले अनुमान लगाया जा रहा था कि वह नवरात्र में नामांकन करेंगी। इससे पहले गुरुवार को बसपा प्रत्याशी देवी प्रसाद तिवारी नामांकन करा चुके हैं। वहीं सपा और भाजपा ने अभी अपना उम्मीदवार नहीं घोषित किया है।
कांग्रेस उम्मीदवार करिश्मा ठाकुर शुक्रवार सुबह बारिश के बीच कार्यकर्ताओं के साथ नामांकन के लिए पहुंचीं। हालांकि कलेक्ट्रेट गेट पर कार्यकर्ताओं को पुलिस ने रोक दिया। इसके बाद करिश्मा प्रस्तावक और अधिवक्ता के साथ नामांकन कक्ष में पहुंचीं और पर्चा भरा। नामांकन के बाद करिश्मा ने पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि हमें जनता की समस्याओं को उठाना है। टूटी सड़क, जलभराव, पानी, बिजली का संकट सरकार को दिखाई नहीं दे रहा है।