नगर निगम को ताकत देगी कमिश्नरेट पुलिस
नगर निगम द्वारा किसी भी कार्रवाई के लिए हर समय उपलब्ध रहेगा जोनवार पुलिस दस्ता
जागरण संवाददाता, कानपुर: कमिश्नरेट पुलिस ने एक और कदम बढ़ाया है। शनिवार को पुलिस आयुक्त असीम अरुण की नगर आयुक्त शिव शरणप्पा के साथ हुई बैठक में तय हुआ कि कमिश्नरेट पुलिस अब नगर के हाथ मजबूत करेगी। अतिक्रमण हटाने, अभियान चलाकर हाउस टैक्स वसूलने, गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई को लेकर अब नगर निगम यह नहीं कह सकेगा कि कार्रवाई के लिए उसे पुलिस नहीं मिली। दोनों अधिकारियों ने विचार विमर्श के बाद दोनों विभागों का जोनवार संयुक्त प्रवर्तन दस्ता तैयार करने का फैसला लिया है।
पुलिस आयुक्त असीम अरुण ने बताया कि महानगर को व्यवस्थित बनाने में नगर निगम का महत्वपूर्ण स्थान है। अतिक्रमण, गंदगी, बेसहारा जानवर, हाउस टैक्स वसूली, अवैध पार्किंग आदि तमाम ऐसे कार्य हैं, जिन्हें पूरा करने में कई बार नगर निगम को पुलिस की जरूरत पड़ती है। समय पर पुलिस न मिलने की वजह से कई बार अभियान रोकने पड़ते हैं। ऐसे में तय हुआ है कि नगर निगम और पुलिस का जोनवार दस्ता बनाया जाएगा। नगर निगम के सभी छह जोनों में संयुक्त दस्ता मिलकर काम करेगा। पुलिस की ओर से इस दस्तों का नेतृत्व दारोगा स्तर का अधिकारी करेगा। इसके अलावा कुछ सिपाही शामिल होंगे। पुलिस आयुक्त के मुताबिक कमिश्नरेट पुलिस इन दस्तों के संचालन के लिए तीन वाहन भी देगा, जबकि तीन वाहन नगर के होंगे। इन्हें एक अलग रंग में रंगा जाएगा, ताकि दूर से देखने पर ही पता चल सके कि यह पुलिस और नगर निगम का संयुक्त दस्ता है। पुलिस खाकी वर्दी में रहेगी, जबकि नगर निगम कर्मचारी हरे रंग की वर्दी पहनेंगे। संयुक्त दस्ता बनने से नगर निगम जब चाहेगा, जहां चाहेगा अभियान चलाकर समस्याओं का निराकरण कर सकेगा। बैठक में अपर पुलिस आयुक्त आकाश कुलहरि, डीसीपी यातायात बीबीजीटीएस मूर्ति आदि अधिकारी मौजूद रहे।
--------
26 अक्टूबर से शुरू होगा काम
पुलिस आयुक्त ने बताया कि संयुक्त प्रवर्तन दस्ता 26 अक्टूबर से काम करने लगेगा। इसस पहले इस दस्ते को दो दिवसीय प्रशिक्षण भी दिया जाएगा कि एक साथ मिलकर वह कैसे काम कर सकते हैं।
--------
एप के माध्यम से होगा चालान
इन दौरान जो भी चालान होंगे, उनके लिए एप का प्रयोग किया जाएगा। टीआइ लाइन और नगर निगम के जोनल अफसर रोजाना की व्यवस्थाओं के लिए जिम्मेदार होंगे।