कानपुर में बदला मौसम का मिजाज, आसमान में छाए रहे बादल, बारिश के आसार तेज Kanpur News
पहाड़ों पर हुई बर्फबारी से सर्द हवाओं ने गलन बढ़ा दी है।
कानपुर, जेएनएन। शहर में मौसम का मिजाज बदल गया है, ठंड ने अपनी गिरफ्त में लेना शुरू कर दिया। पहाड़ों पर हुई बर्फबारी से सर्द हवाओं ने गलन बढ़ा दी है तो गुरुवार को आसमान में सुबह से बादलों के बीच सूरज के छिपे रहने से ठंड ने सताना शुरू कर दिया। पूरे दिन धुंध छाई रही और दोपहर बाद हल्की बारिश ने परेशान किया। बदले मौसम से लोग गर्म कपड़े पहने नजर आए, वहीं कई जगह पर अलाव भी जलाकर गर्म अहसास करते रहे।
बुधवार को हवाओं के बीच आसमान में बादल के बीच सूरज की लुकाछिपी चलती रही थी, वहीं गुरुवार की सुबह अचानक मौसम बदल गया। कोहरा के बीच आसमान में छाए बादलों के बीच से सूरज की किरणें धरती तक नहीं पहुंचने से ठंड बढ़ गई। सर्द हवाओं से गलन हो जाने से लोग ठिठुरते नजर आए। चंद्रशेखर आजाद कृषि विश्वविद्यालय के मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार को अधिकतम तापमान 21.0 डिग्री सेल्सियस रहा, वहीं न्यूनतम तापमान 10.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जोकि सामान्य से 2.9 डिग्री तापमान कम है। आद्र्रता का प्रतिशत 93/71 और हवा की गति 0.8 किमी/घंटा रिकार्ड की गई।
दोपहर तक बारिश नहीं हुई लेकिन आसमान में बादल छाए रहे। दोपहर बाद अचानक हल्की बारिश ने ठंड में इजाफा कर दिया, जिससे लोग अलाव जलाकर गर्मी का अहसास लेते नजर आए। उत्तर पूर्वी हवा से ठंड बढऩे के आसार है। वहीं हल्के बादल छाए रहने और 13 व 14 दिसंबर को बारिश होने की संभावना भी जताई है। मौसम के इस बदलाव से सुबह-शाम कोहरा भी पड़ सकता है।