परमट घाट को गंदगी से मुक्त कर महापौर ने ओढ़ाई स्वच्छता की चादर
महापौर नगर आयुक्त व जनता के सहयोग से सफल हुआ अभियान लोगों को स्वच्छता के प्रति किया जागरूक
कानपुर, जेएनएन। स्वच्छ भारत अभियान के तहत महापौर प्रमिला पांडेय ने नगर आयुक्त, पार्षद और जनता के साथ परमट घाट में दो घंटे श्रमदान अभियान चलाया। इस दौरान सभी ने मिलकर घाट पर फैली गंदगी को झाड़ू लगाकर साफ किया। इसी के साथ उन्होंने प्लास्टिक के एक-एक टुकड़े को बटोरा। इस दौरान चार लोडर वाहन और 12 हाथ कूड़ा गाड़ी गंदगी निकली। इसको प्लांट तक पहुंचाया गया।
मेयर के साथ नगर आयुक्त को सफाई करते देख सभी जुटे
महापौर और नगर आयुक्त अक्षय त्रिपाठी सुबह ही साढ़े दस बजे परमट घाट पहुंचे। महापौर ने झाड़ू लेकर घाट की सफाई शुरू कर दी। नगर आयुक्त ने फैली प्लास्टिक बटोरना शुरू कर दिया। इसको देखकर नगर निगम के अन्य अफसर, कर्मचारी और वहां उपस्थित लोग भी सफाई करने में जुट गए। कुछ ही देर के बाद परमट घाट स्वच्छ हो गया।
स्वच्छता के प्रति लोगों को किया गया जागरूक
इस अवसर पर महापौर ने लोगों से कहा कि नगर को साफ-सुथरा बनाए रखने के लिए आप सभी का योगदान अतिआवश्यक है। उनहोंने लोगों से अनुरोध किया कि एक बार सफाई होने के बाद गंदगी को न फेंके। महापौर ने वहां मौजूद लोगों के साथ पार्षद कीर्ति अग्निहोत्री, जोनल प्रभारी पूजा त्रिपाठी, अधिशासी अभियंता पुनीत ओझा, सहायक निदेशक सिटी क्लीनिंग अमरीश यादव को भी नगर में स्वच्छता बरकरार रखने की शपथ दिलाई।