स्वच्छता सर्वेक्षण में अव्वल आने को कानपुर में रात में सफाई, तीन घंटे चलेगा अभियान
त्योहार में निकले कचरे को उठाने के लिए नगर निगम ने अतिरिक्त व्यवस्था की है इसके लिए 18 जेसीबी और ट्रिपर मशीन लगाई गई है और स्पेशल टीम तैनात करके रात में ही तीन घंटे सड़कों पर फैली गंदी उठाई जा रही है।
कानपुर, जेएनएन। स्वच्छता सर्वेक्षण अभियान 2021 में नगर निगम कानपुर अव्वल आने के लिए रात में भी सफाई शुरू करा दी है। रात में त्योहार में निकले कचरे को उठाने के लिए अतिरिक्त 18 जेसीबी और ट्रिपर मशीन लगाई जाएगी। रात में तीन घंटे अभियान चलाकर सड़कों पर फैले कचरे को उठाया जा रहा है।
स्वच्छता सर्वेक्षण 2020 में कानपुर को 25वां स्थान मिला था। इस बार टाप फाइव में आने के लिए नगर निगम का अमला जुटा हुआ है। घर-घर से गीला व सूखा कूड़ा अलग-अलग उठाने के साथ ही भाऊसिंह स्थित कूड़ा निस्तारण प्लांट भी चालू कर दिया गया है। पिछली बार दोनों में ही नगर निगम पीछे रहा था। इस बार कोई चूक नहीं करना चाहता है। इसके लिए दीपावली में शहर में अतिरिक्त निकलने वाले कूड़ो को उठाने के लिए व्यवस्था की है। छह जेसीबी और 12 ट्रिपर लगाए गए है। यह रात में दस बजे से लेकर एक बजे तक शहर में जगह-जगह फैली गंदगी को उठाएंगे।
नगर आयुक्त अक्षय त्रिपाठी के आदेश पर रबिश प्रभारी ए रहमान ने विशेष टीम लगा रखी है। रबिश प्रभारी ने बताया कि वैसे रोज साढ़े नौ सौ मीट्रिक टन कूड़ा निकलता है। दीपावली में अतिरिक्त दो सौ मीट्रिक टन से ज्यादा कूड़ा निकल रहा है। इसके लिए रात में कूड़ा उठाने की व्यवस्था की गई है।