फतेहपुर में विवाहिता की चाकू से गोदकर हत्या, समझौते के बाद रहने आई थी ससुराल
हुसेनगंज थानांतर्गत बदले का पुरवा गांव में ससुरालीजनों की प्रताड़ना के बाद क्षुब्ध होकर विवाहिता मायके चली गई थी और समझौत के बाद जुलाई में फिर लौटकर आई थी। उसका शव बबूल के पेड़ के नीचे मिलने के बाद से ससुरालीजन फरार हैं।
फतेहपुर, जेएनएन। हुसेनगंज थानांतर्गत बदले का पुरवा गांव के बाहर सोमवार को विवाहिता का बबूल के पेड़ के नीचे पड़ा मिलने से सनसनी फैल गई। उसकी चाकू से गोदकर हत्या के बाद शव जंगल में फेंका गया था। समझौते के बाद ससुराल में रहने आई विवाहिता की हत्या पर पुलिस ने पति, सास, ससुर, देवर और देवरानी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस आरोपितों की तलाश में दबिश दे रही है।
मलवां थाने के दलीपुर निवासिनी 35 वर्षीय रीता देवी का विवाह हुसेनगंज थानांतर्गत बदले का पुरवा गांव के जयप्रकाश लोधी से हुआ था। सोमवार की सुबह रीता का शव बदले का पुरवा गांव के बाहर बबूल के पेड़ के नीचे पड़ा मिलने से सनसनी फैल गई। उसकी गर्दन, हाथ और पैर में चाकू से गोदने के निशान थे। गांव वालों ने उसका शव देखकर जयप्रकाश के घर पर सूचना देने गए तो सभी ससुरालीजन फरार थे। जानकारी मिलने पर गांव आई पुलिस ने मायके वालों को बुलाया। गांव आए पिता महेंद्रपाल ने शव की शिनाख्त बेटी के रूप में की।
उन्होंने बताया कि ससुरालीजन बेटी को ठीक से नहीं रखते थे और पति मारपीट कर प्रताड़ित करता था। बीती जुलाई 2020 को समझौते के बाद बेटी ससुराल गई थी। उन्होंने पति समेत ससुरालीजनों पर बेटी की चाकू से गोदकर हत्या करके शव फेंकने का आरोप लगाया। एसओ सत्येंद्र सिंह भदौरिया ने कहा कि तहरीर के आधार पर पति, सास-ससुर और देवर देवरानी पर हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई है, आरोपितों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।