कानपुर में धीरे धीरे पांव पसार रहा ब्लैक फंगस, पीडि़त महिला का ऑपरेशन, 17 मरीज भर्ती
कानपुर शहर में ब्लैक फंगस भी धीरे धीरे पांव पसार रहा है हैलट अस्पताल में अबतक 17 मरीज भर्ती किए जा चुके हैं। वहीं दो मरीजों की मौत हो चुकी है जबकि डॉक्टरों ने तीसरी महिला का ऑपरेशन करके साइनस निकाल दिया है।
कानपुर, जेएनएन। ब्लैक फंगस के केस लगातार बढ़ते जा रहे हैं। जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज के हैलट अस्पताल में तीन मरीजों में म्यूकर माइकोसिस के संक्रमण की पुष्टि हो चुकी है। एक और महिला में संक्रमण की पुष्टि के बाद ऑपरेशन करके साइनस निकाला गया। उसके बाद एंटी फंगल इंजेक्शन भी शुरू कर दिए गए हैं।
मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य प्रो. आरबी कमल ने बताया कि विमला नामक महिला की बायोप्सी की माइक्रोस्कोपिक जांच में ब्लैक फंगस की पुष्टि हुई है। उसके बाद संक्रमित महिला की सर्जरी ईएनटी विभागाध्यक्ष डॉ. एसके कनौजिया की देखरेख में हुई है। पीडि़त महिला की नाक से स्क्रेङ्क्षबग की गई है। साइनस भी निकाल दिया गया है। उसकी पूरी सफाई करने के बाद एंटी फंगल इंजेक्शन भी शुरू कर दिए गए हैं।
ब्लैक फंगस के लक्षण के दो और भर्ती : ब्लैक फंगस के लक्षण वाले दो और मरीज भर्ती हुए हैं, उसमें एक कमला नगर का है, जबकि दूसरा दबौली का रहने वाला है। इसके साथ ही ब्लैक फंगस के मरीजों की संख्या 17 हो गई है। नए भर्ती हुए मरीजों की बायोप्सी जांच के लिए सोमवार को भेजी जाएगी।
तेजी से हो रहा सुधार : नेहरू नगर निवासी हर्ष की हालत में ऑपरेशन के बाद से सुधार हो रहा है। महिला की स्थिति भी पहले से बेहतर हुई है।