कानपुर में तेजी से बढ़ रहे ब्लैक फंगस के मरीज, अस्पताल में अबतक 20 हुए भर्ती
कानपुर शहर में कोरोना संक्रमण के बाद अब ब्लैक फंगस के मरीजों की संख्या बढ़ना शुरू हो गई है दो महिलाओं की मौत के बाद स्वास्थ्य विभाग भी सतर्क हो गया है। हालांकि डॉक्टर अबतक चार मरीजों का ऑपरेशन भी कर चुके हैं।
कानपुर, जेएनएन। शहर में ब्लैक फंगस भी अब धीरे धीरे पांव पसारने लगा है। अस्पताल में भर्ती मरीजों की संख्य बढ़ने से स्वास्थ्य विभाग भी सतर्क हो गया है। अबतक चार मरीजों का ऑपरेशन भी किया जा चुका है, जिनमें तेजी से सुधार भी हो रहा है। जबकि दो महिलाओं की ब्लैक फंगस से मौत हो चुकी है।
हैलट अस्पताल में ब्लैक फंगस यानी म्यूकरमाइकोसिस से पीडि़तों की संख्या लगातार बढ़ रही है। अस्पताल में ब्लैक फंगस के मरीजों की संख्या 20 हो गई है। वहीं, अब तक छह मरीजों में ब्लैक फंगस की पुष्टि हो चुकी है। देर रात एक मरीज के साइनस का ऑपरेशन किया गया। देर शाम ब्लैक फंगस का गंभीर मरीज भर्ती हुआ, जिसकी आंखें बाहर की तरफ निकल आईं थीं। उसकी मंगलवार को बायोप्सी लेकर जांच के लिए भेजी जाएगी।
प्राचार्य प्रो. आरबी कमल ने बताया कि ब्लैक फंगस के लक्षण के पांच मरीजों की टिश्यू बायोप्सी लेकर माइक्रोस्कोपिक जांच के लिए माइक्रोबायोलॉजी विभाग की लैब भेजा गया था। तीन में ब्लैक फंगस की पुष्टि हुई है, जबकि दो की रिपोर्ट निगेटिव आई है। इससे अब तक छह मरीजों में ब्लैक फंगस की पुष्टि हो चुकी है। उधर, ब्लैक फंगस के लक्षण के तीन और मरीज भर्ती हुए हैं।
तेजी से हो रहा सुधार
ऑपरेशन के बाद से ब्लैक फंगस के मरीजों में तेजी से सुधार हो रहा है। उन्हें एंटी फंगल इंजेक्शन लगाए गए हैं। कुछ मरीजों के आंख में फंगल का इंफेक्शन था, उन्हें धुंधला दिख रहा था। इंजेक्शन लगाने के बाद से रोशनी में सुधार हुआ है। उन्हें अब ऑपरेशन की जरूर नहीं पड़ेगी। ऐसे मरीजों की आंख की आर्टबिल नस में इंजेक्शन लगाया गया है। ऑपरेशन के बाद से तीनों मरीजों की स्थिति में काफी सुधार हुआ है।