Move to Jagran APP

पार्क पर कब्जा करने को लेकर भाजपाई व व्यापारी भिड़े, गोविंद नगर में घंटों चलता रहा हंगामा

गोविंद नगर की विद्यार्थी मार्केट स्थित पार्क में बवाल की आशंका पर पहुंची पुलिस ने निर्माण सामग्री हटवाकर माहौल शांत कराया।

By Abhishek AgnihotriEdited By: Published: Sun, 09 Aug 2020 08:57 AM (IST)Updated: Sun, 09 Aug 2020 08:57 AM (IST)
पार्क पर कब्जा करने को लेकर भाजपाई व व्यापारी भिड़े, गोविंद नगर में  घंटों चलता रहा हंगामा
पार्क पर कब्जा करने को लेकर भाजपाई व व्यापारी भिड़े, गोविंद नगर में घंटों चलता रहा हंगामा

कानपुर, जेएनएन। गोविंद नगर में विद्यार्थी मार्केट स्थित पार्क कब्जाने को लेकर भाजपाई और व्यापारी भिड़ गए। दोनों पक्षों के बीच एक-दूसरे के खिलाफ आरोप-प्रत्यारोप का दौर चला। हंगामा होने व बवाल की आशंका को लेकर पहुंची पुलिस ने खोदाई बंद करा निर्माण सामग्री हटवाकर मामला शांत कराया।

loksabha election banner

विद्यार्थी मार्केट व्यापार मंडल अध्यक्ष बलदेव राज मल्होत्रा ने बताया कि ब्लाक नंबर एक और दो के बीच पार्क है, जहां दुकानदार वाहनों की पार्किंग करने के साथ ही त्योहार पर आसपास दुकानें भी लगाते हैं। आरोप है कि पार्क में शनिवार को भाजपा जूही मंडल अध्यक्ष अमित मल्होत्रा, बर्रा मंडल अध्यक्ष संजय पासवान, किदवई नगर मंडल अध्यक्ष गिरीश बाजपेई, निराला नगर मंडल अध्यक्ष अखिलेश अवस्थी व जूही मंडल उपाध्यक्ष स्वीटी सरदार समेत दूसरे भाजपाइयों ने अवैध कब्जा करने की नियत से निर्माण सामग्री मंगाकर खोदाई शुरू करा दी। व्यापारियों के पूछने पर मंडल अध्यक्षों ने भाजपा का पुस्तकालय बनवाने की जानकारी दी। इस बीच व्यापार मंडल पदाधिकारी भी उनकी अगुवाई में पहुंच गए।

विरोध करने पर भाजपाइयों ने गाली-गलौज व अभद्रता कर दुकानें गिरवाने की धमकी दी। नोकझोंक होने पर व्यापारी भाजपाइयों के खिलाफ नारेबाजी करते हुए हंगामा करने लगे। गोविंद नगर थाने की पुलिस ने पहुंचकर खोदाई बंद कराकर निर्माण सामग्री हटवा दी। व्यापार मंडल पदाधिकारियों ने भाजपा विधायक महेश त्रिवेदी से अवैध कब्जा रुकवाने की गुहार लगाकर भाजपाइयों के खिलाफ थाने में तहरीर भी दी है। थाना प्रभारी गोविंद नगर अनुराग मिश्र ने बताया कि भाजपाइयों के पार्क में कब्जा करने की सूचना पर फोर्स भेजकर खोदाई बंद कराने के साथ निर्माण सामग्री हटवा कर मामले की जांच की जा रही है।

इनकी भी सुनिए

  • वह बर्रा मंडल अध्यक्ष संजय पासवान, किदवई नगर मंडल अध्यक्ष गिरीश बाजपेई, निराला नगर मंडल अध्यक्ष अखिलेश अवस्थी के साथ बूथ सत्यापन कर रहे थे। इसी बीच जानकारी मिली कि विद्यार्थी मार्केट व्यापार मंडल के अध्यक्ष बलदेव राज मल्होत्रा और भगत दोनों मिलकर पार्क में कब्जा कर रहे हैं। लोगों के बुलाने पर पहुंचकर उन्होंने अवैध कब्जा रोकने का प्रयास किया। उनके साथ भाजपा कार्यकर्ता भी थे। -अमित मल्होत्रा, भाजपा जूही मंडल अध्यक्ष
  • अमित मल्होत्रा से बात की है। उनका कहना है कि लोगों से पार्क में कब्जे की जानकारी मिलने पर वहां पहुंचे थे। अमित मल्होत्रा के दुकान गिरा देने की धमकी देने की जानकारी नहीं है। उन्हें बुलाकर पूछा जाएगा। -डॉ. बीना आर्या पटेल, भाजपा दक्षिण जिलाध्यक्ष

Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.