उप्र में भाजपा फिर सरकार बनाने को तैयार : बेबी रानी मौर्य
लाजपत भवन में भाजपा के कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र के अनुसूचित जाति मोर्चा सम्मेलन में बोलीं पूर्व राज्यपाल
जागरण संवाददाता, कानपुर : बसपा से दलितों का मोह पूरी तरह भंग हो चुका है। अब भाजपा ही एक ऐसी पार्टी है, जो हर वर्ग के हित को सोच रही है। 2022 के चुनाव में भाजपा फिर सरकार बनाने को तैयार है। ये बातें उत्तराखंड की पूर्व राज्यपाल व भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बेबी रानी मौर्य ने कहीं। वह मंगलवार को लाजपत भवन में भाजपा कानपुर-बुंदेलखंडक्षेत्र के अनुसूचित जाति मोर्चा सम्मेलन को संबोधित कर रही थीं।
उन्होंने कहा कि भाजपा में अनुसूचित जाति के हर कार्यकर्ता को सम्मान मिलता रहा है और हमेशा मिलेगा। खुद की बानगी देते हुए बताया कि वह पार्टी के प्रदेश मंत्री के पद पर रहीं, मेयर बनीं, राज्यपाल बनीं और अब राष्ट्रीय उपाध्यक्ष के पद पर काम कर रही हैं। सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव की विजय रथ यात्रा को लेकर तंज कसते हुए कहा कि हर कोई अपनी सरकार बनाना चाहता है, मगर सरकार भाजपा की बनेगी। श्रम एवं सेवायोजन राज्यमंत्री मन्नू कोरी ने केंद्र में मोदी सरकार व प्रदेश में योगी सरकार की उपलब्धियां गिनाई। एमएलसी विजय बहादुर पाठक ने कहा कि सभी पदाधिकारी और कार्यकर्ता अब मिशन 2022 के लिए कमर कस लें। लाजपत भवन सभागार में अनुसूचित मोर्चा के इस सम्मेलन में पदाधिकारियों ने भीड़ तो जुटाई, लेकिन कोरोना नियमों का पालन नहीं हो सका। क्षेत्रीय अध्यक्ष मानवेंद्र सिंह, रामलखन रावत, राहुल बच्चा सोनकर, किरन वर्मा, रीता कठेरिया, गोपाल अहिरवार, सुनील बजाज, मोहित पांडेय, अनूप अवस्थी, सलिल कांत, विनोद सोनकर आदि रहे।
............
15 से 17 अक्टूबर तक किसानों के लिए सदस्यता अभियान : भाजपा किसान मोर्चा के पदाधिकारी आगामी 15 से 17 अक्टूबर तक किसानों के लिए सदस्यता अभियान चलाएंगे। मंगलवार को यह जानकारी मुख्य अतिथि क्षेत्रीय अध्यक्ष किसान मोर्चा बाल मुकुन्द शुक्ला ने दी। वह किसान मोर्चा कानपुर उत्तर कार्यसमिति की विशेष पदाधिकारियों की बैठक को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष किसान मोर्चा अनुज दीक्षित ने की। यहां विशिष्ट अतिथि के रूप में एमएलसी अरुण पाठक व क्षेत्रीय मंत्री किसान मोर्चा आशीष चतुर्वेदी उपस्थित रहे।