गोविंद नगर विधानसभा उपचुनाव में केशव मौर्य के प्रभारी बनते ही ये दिखा रहे दावेदारी Kanpur News
भाजपा में करीब दर्जन भर दावेदारों ने संपर्क साधना शुरू कर दिया है मजबूत पकड़ का हवाला देकर अपनी दावेदारी रख रहे हैं।
कानपुर, जेएनएन। भाजपा ने विधानसभा उपचुनावों के लिए पहलकदमी कर दी है। पार्टी ने गोविंदनगर समेत पूरे प्रदेश में उपचुनाव के लिए प्रभारी नियुक्त कर दिए हैं। गोविंदनगर में उप मुख्यमंत्री केशव मौर्य और प्रदेश उपाध्यक्ष रंजना उपाध्याय को जिम्मेदारी दी गई है। यह तैयारी होते ही क्षेत्र में भाजपा के दावेदारों में हलचल तेज हो गई है। उन्होंने प्रभारियों से संपर्क साधना शुरू कर दिया है।
गोविंदनगर विधानसभा सीट पर भाजपा के सत्यदेव पचौरी वर्ष 2017 में विधायक चुने गए थे। जिन्हें पार्टी ने पहले प्रदेश में कैबिनेट मंत्री बनाया, फिर लोकसभा का चुनाव लड़ाया। सत्यदेव पचौरी जब कानपुर से सांसद चुन लिये गए तो अब उनके स्थान पर यहां विधानसभा चुनाव के लिए कई दावेदार खड़े हो गए हैं। हालांकि पार्टी की ओर से अभी तक कोई अधिकृत प्रत्याशी सामने नहीं आया है, लेकिन कई प्रमुख चेहरे इस दौड़ में शामिल हैं। संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारियों से लेकर पूर्व जनप्रतिनिधि भी मुकाबले में उतरने का खम ठोक रहे हैं।
गोविंदनगर से लगातार दो बार विधायक रहे सांसद सत्यदेव पचौरी के पुत्र अनूप पचौरी को भी दावेदार बताया जा रहा है। पार्टी सूत्रों के अनुसार जनरलगंज विधानसभा से पूर्व में विधायक रहे नीरज चतुर्वेदी, पूर्व महापौर और पूर्व जिलाध्यक्ष रविंद्र पाटनी, तीन बार के भाजपा जिलाध्यक्ष सुरेंद्र मैथानी, क्षेत्रीय अध्यक्ष मानवेंद्र सिंह, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष आनंद राजपाल, पूर्व पार्षद दिनेश बाजपेई, महिला मोर्चा की राष्ट्रीय महामंत्री कमलावती सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष दिनेश राय और बसपा से भाजपा में आए निर्मल तिवारी भी टिकट के दावेदारों में हैं। सभी ने पार्टी में अपनी सिफारिश तेज कर दी है, हालांकि पार्टी उपचुनाव में हरेक कदम फूंक-फूंक कर रखेगी। इसलिए जातीय समीकरण आदि परखने के बाद ही निर्णय लिया जाएगा। माना जा रहा है कि जल्द ही प्रभारीगण कानपुर आएंगे। उसके बाद ही दावेदारों की सही तस्वीर सामने आएगी।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप