भाजपा नेता का बिना हेल्मेट चालान,सिपाही पर लगाया मारपीट का आरोप
बिना हेलमेट व डीएल के बाइक चला रहे भाजपा के मंडल उपाध्यक्ष की गाड़ी का चालान करने पर सोमवार को विवाद हो गया। भाजपा नेता ने सिपाही पर मारपीट करने का आरोप लगाया जबकि पुलिस का कहना है कि मारपीट का आरोप गलत है।
कानपुर, जेएनएन। औरैया जनपद के अछल्दा में भाजपा मंडल उपाध्यक्ष ने कस्बा से बिधूना जाने वाले मार्ग पर चिरहा मोड़ के पास सोमवार को चेकिंग के दौरान पुलिस पर अभद्रता कर मारपीट का आरोप लगाया है। जबकि पुलिस कर्मी आरोप को गलत बताकर चालान काटने पर दबाव बनाने की बात कह रहे हैं।
क्षेत्र के ग्राम पुर्वा मदा निवासी भाजपा मंडल उपाध्यक्ष धीरज कुमार यादव पुत्र महेश चंद्र अपने भाई विपिन कुमार के साथ बाइक से सराय महाजनान जा रहे थे। तभी वाहन की चेकिंग कर रहे इटैली चौकी इंचार्ज व पुलिस कर्मियों ने उन्हें रोक लिया व कागजात दिखाने के लिए कहा। किसी का फोन आने पर भाजपा नेता बात करने लगे।
इस पर सिपाही ने नाराजगी व्यक्त करते हुए उनके गाल पर थप्पड़ मार दिया। इसकी खबर पार्टी कार्यकर्ताओं को मिली तो चौकी इंचार्ज से बात कर वरिष्ठ पार्टी नेताओं को अवगत कराया। मंडल उपाध्यक्ष ने तहरीर देकर थाना प्रभारी से दोषी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। थानाध्यक्ष तारिक खान ने बताया कि चालान काटे जाने के बाद पुलिस पर दबाव बनाया जा रहा है। पुलिस कर्मी ने कोई मारपीट नहीं की है। चौकी इंचार्ज प्रमोद कुमार शर्मा ने बताया कि हेलमेट व ड्राइविंग लाइसेंस न होने पर चालान काटा गया है। थप्पड़ मारने की बात पूरी तरह गलत है।