नकली इंजेक्शन के सौदागर के साथ वायरल फोटो पर भाजपा नेताओं ने पल्ला झाडा, दिया ये जवाब
ब्लैक फंगस के नकली इंजेक्शन बरामदगी के मामले में गिरफ्तार आरोपित प्रकाश मिश्रा की भाजपा नेताओं के साथ फोटो वायरल हुई थी। शहर के भाजपा पदाधिकारियों ने पार्टी से संबंध न होने और कभी उसे किसी बैठक में नहीं देखे जाने की बात कही है।
कानपुर, जेएनएन। ब्लैक फंगस के नकली इंजेक्शन के साथ गिरफ्तार प्रकाश मिश्रा से भारतीय जनता पार्टी ने पूरी तरह से किनारा कर लिया है। हालांकि आरोपित की भाजपा नेताओं के साथ वायरल फोटो से पार्टी की छवि धूमिल हुई है। पार्टी के स्थानीय पदाधिकारियों ने कहा है कि वह प्रकाश को नहीं जानते हैं। उनका मानना है कि नेताओं के साथ फोटो ङ्क्षखचवाकर प्रकाश ने उनका दुरुपयोग किया है।
ग्वालटोली पुलिस ने गुरुवार को के. ब्लॉक यशोदा नगर निवासी प्रकाश मिश्रा को उसके साथी ज्ञानेश कुमार के साथ नकली लाइपोजोनल इम्फोटोरिसिन बी इंजेक्शन के साथ गिरफ्तार किया था। शुक्रवार को इंटरनेट मीडिया पर तेजी के साथ प्रकाश मिश्रा की भाजपा के केंद्रीय और प्रदेश के मंत्रियों के अलावा संगठन के बड़े नेताओं के साथ फोटो वायरल हुईं। उसके फेसबुक अकाउंट में वह खुद को भाजपा का कार्यकर्ता लिख रहा है और दर्जन भर से ज्यादा पार्टी के बड़े नेताओं के साथ उसकी फोटो हैं। यही नहीं उसकी फेसबुक वाल पर पड़ी पोस्ट में एक पत्र है, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उसे जन्म दिन की बधाई दे रहे हैं। विवाद के तूल पकडऩे के बाद भाजपा नेता उसे पहचानने से इन्कार कर रहे हैं।
भाजपा दक्षिण जिलाध्यक्ष डॉ. वीना आर्या का कहना है कि उन्होंने पिछले कार्यकाल के दौरान उसे किसी कार्यक्रम में नहीं देखा और उनकी जानकारी में वह पार्टी में किसी भी पद पर नहीं है। वहीं, प्रदेश के औद्योगिक विकास मंत्री सतीश महाना का कहना है कि वह पब्लिक फीगर हैं। बहुत से लोग उनसे मिलने आते रहते हैं। उनके साथ फोटो भी खिंचवाते रहते हैं। यह व्यक्ति उनके नियमित रूप से मिलने वाले कार्यकर्ताओं में से नहीं है। विधान परिषद सदस्य अरुण पाठक के मुताबिक, इसकी तो हर स्तर के नेताओं व मंत्रियों के साथ फोटो हैं, इसलिए यह साफ है कि यह पार्टी का कार्यकर्ता नहीं, सिर्फ फोटो खिंचवाने वाला व्यक्ति है।