बर्थडे पार्टी में हिस्ट्रीशीटर को बुलाने में मेजबान भाजपा नेता को जिला मंत्री पद से हटाया
कानपुर शहर में जन्मदिन पार्टी आयोजन स्थल के बाहर हिस्ट्रीशीटर को पुलिस हिरासत से भाजपा नेताओं द्वारा छुड़ाने का प्रकरण शीर्षस्थ नेताओं तक पहुंच गया है। भाजपा नेतृत्व के निर्देशों के बाद भाजपा जिला मंत्री पद से नारायण सिंह भदौरिया को हटा दिया गया है।
कानपुर, जेएनएन। शहर में सुर्खियां बन चुका भाजपा नेता की बर्थडे पार्टी में आए हिस्ट्रीशीटर को पुलिस हिरासत से छुड़ाने का मामला अब शीर्षस्थ नेताओं तक पहुंच गया है। पार्टी के आला नेताओं से निर्देश मिलने के बाद स्थानीय इकाई ने प्रकरण में शामिल रहे नारायण सिंह भदौरिया को जिला मंत्री पद से हटा दिया है। यह फैसला बुधवार को हुई घटना के बाद बुंदेलखंड क्षेत्र के अध्यक्ष द्वारा कराई गई प्राथमिक जांच के बाद लिया गया है।
अभी बमुश्किल 10 दिन पहले ही भाजपा के एक अन्य जिला मंत्री यज्ञेश गुप्ता ने संगठन पर भ्रष्टाचार और विरोधी नीति अपनाए के आरोप लगाते हुए पद से इस्तीफा दिया था। वह राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से आए थे और इस्तीफे के बाद वापस संघ में ही कार्य करने की इच्छा जताई थी। इसके बाद भी संगठन स्तर पर उनके आरोपों पर ध्यान नहीं दिया गया और न ही परखा गया कि क्या गड़बड़ चल रही है। अब उसका खामियाजा सबके सामने सड़क पर खुल कर आ गया है। बुधवार को नारायण सिंह भदौरिया की बर्थडे पार्टी में कार्यक्रम स्थल के बाहर हिस्ट्रीशीटर को छुड़ाने के लिए पुलिस से हुए बवाल के बाद हकीकत सामने आ गई है। पुलिस की अभी तक की जांच में पार्टी में कई ऐसे लोग शामिल थे, जिनपर आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
यह भी पढ़ें: कानपुर में हिस्ट्रीशीटर को भगाने वाला नारायण सिंह भाजपा से निष्कासित, एक दिन पहले छिना था मंत्री पद
बुधवार की दोपहर घटना के बाद भाजपा कानपुर बुंदेलखंड क्षेत्र के अध्यक्ष मानवेंद्र सिंह ने अपने स्तर से जांच शुरू कराई थी। उन्होंने कहा कि इस मामले में दोष सिद्ध होने के बाद कार्यवाही की जाएगी। इसके बाद गुरुवार सुबह जिला संगठन सक्रिय हुआ। दक्षिण जिलाध्यक्ष डॉ. वीना आर्या ने नारायण सिंह भदौरिया को जिला मंत्री पद से हटा दिया है। उन्होंने तीन सदस्यीय कमेटी भी गठित करने की घोषणा की जो 24 घंटे में अपनी रिपोर्ट देगी। इसे क्षेत्र और प्रदेश नेतृत्व को भेजा जाएगा।
यह भी पढ़ें: कानपुर में हिस्ट्रीशीटर को भगाने वाले पूर्व भाजपा नेता समेत चार गिरफ्तार, पुलिस की टीमें कर रही थीं तलाश
हालांकि संगठन के पास इस बात का कोई जवाब नहीं है कि जब नारायण के ऊपर पहले से आपराधिक मुकदमे हैं तो उन्हें मंत्री पद पर कैसे ले लिया गया और अब तक कैसे रखा गया। दक्षिण जिले में छावनी मंडल का विवाद भी अलग से चल रहा है, जिसमें पहले मंडल के पदाधिकारियों ने इस्तीफे दिए और बाद में वार्ड के अध्यक्षों ने। इस मामले को भी क्षेत्रीय अध्यक्ष ने बीच में पड़ कर शांत कराया और सभी को साथ में कार्य करने के लिए राजी किया।
घटना के बाद क्यो बोले थे जिला मंत्री
मेरे जन्मदिन पर अधिवक्ताओं व समर्थकों ने पार्टी का आयोजन किया था। आयोजन स्थल से कुछ दूरी पर शोर सुनकर बाहर देखने पहुंचे। हिस्ट्रीशीटर मनोज सिंह को कुछ लोग कार में डाल रहे थे। मनोज का भाजपा नेता संदीप ठाकुर से पुराना विवाद है। वही, उसे पकड़वाने आए थे। बाद में पता चला कि मनोज को पुलिस ले जा रही थी। उनका घटना से कोई सरोकार नहीं है। -नारायण सिंह भदौरिया, भाजपा दक्षिण जिला मंत्री।