BJP ने कानपुर में प्रत्येक सीट के लिए तय किए तीन-तीन नाम, प्रदेश कार्यकारिणी लेगी निर्णय
कानपुर नगर में 32 जिला पंचायत सदस्य हैं। भाजपा पंचायत चुनाव में सिर्फ इसी पद के लिए अपने प्रत्याशियों की घोषणा करेगी। जिला पंचायत सदस्यों के लिए भाजपा ने मंडल स्तर से फीड बैक लिया है। टीम ने एक जिला पंचायत सीट के लिए पांच नाम जिलाध्यक्षों को दिए हैं।
कानपुर, जेएनएन। पंचायत चुनाव की तारीख घोषित होते ही दावेदारों की सक्रियता तेज हो गई है। भाजपा ने भी जिला पंचायत सदस्य पद के लिए अपने प्रत्याशियों पर कवायद शुरू कर दी है। जिला कमेटियों ने भी हर सीट के लिए तीन-तीन नामों का पैनल भेज दिया है। अब इसे क्षेत्र स्तर पर फाइनल किया जाएगा और प्रदेश उस पर मुहर लगा देगा।
कानपुर नगर में 32 जिला पंचायत सदस्य हैं। भाजपा पंचायत चुनाव में सिर्फ इसी पद के लिए अपने प्रत्याशियों की घोषणा करेगी। जिला पंचायत सदस्यों के लिए भाजपा ने मंडल स्तर से फीड बैक लिया है। इसमें टीम ने एक जिला पंचायत सीट के लिए पांच नाम जिलाध्यक्षों को दिए हैं। अब जिले की टीम ने भी इनमें से तीन नामों का पैनल क्षेत्र को सौंप दिया है। क्षेत्र के पदाधिकारी एक नाम प्रदेश को भेजेंगे, जिस पर प्रदेश की मुहर लगेगी। माना जा रहा है कि 31 मार्च से एक अप्रैल के बीच इनकी घोषणा कर दी जाएगी। भाजपा जिलाध्यक्षों ने सांसद, विधायक व जिले के पदाधिकारियों के साथ चर्चा कर तीन नामों का एक पैनल बनाया है। जिलाध्यक्ष द्वारा भेजे गए इन नामों पर क्षेत्र स्तर पर भी चर्चा चल रही है। क्षेत्रीय अध्यक्ष अपने पदाधिकारियों की टीम से इन नामों को क्रास चेक कराएंगे। इसके बाद इनमें से किसी एक नाम को फाइनल करेंगे। अगर क्षेत्र की कमेटी को इनमें से कोई भी नाम उचित नहीं लगा तो जिलाध्यक्ष को दोबारा पैनल देने के लिए कहेंगे। पंचायत चुनाव के लिए नामांकन तीन और चार अप्रैल को होने हैं। जहां एक ओर जिला पंचायत सदस्य के लिए पार्टी पैनल बनाकर नाम तय कर रही है। वहीं क्षेत्र पंचायत सदस्य और प्रधान के लिए पार्टी किसी नाम की घोषणा नहीं करेगी। इसमें जो जीत जाएगा, उसे ही अपना लिया जाएगा।