Bikru Dispute: मुठभेड़ के बाद विकास दुबे के चचेरे भाई अनुराग दुबे समेत दस आराेपितों पर मुकदमा
विकास दुबे के चचेरे भाई अनुराग दुबे समेत दस समर्थक नामजद। पंचायत चुनाव में दावेदार दो गुटों में भंडारे के दौरान हुई थी मारपीट। तहरीर में आरोप है कि अनुराग व उसके समर्थक प्रसाद वितरण के समय आकर झगड़ा करने लगे। विरोध करने पर लाठियों से हमला किया।
कानपुर, जेएनएन। बिकरू गांव में भंडारे के के दौरान दो गुटों के बीच मारपीट में पुलिस ने दूसरे दिन घटना में शामिल रहे सिपाही की तहरीर पर अनुराग दुबे समेत दस लोगों के खिलाफ हत्या के प्रयास और बलवा समेत कई धाराओं में मुकदमा किया है। पुलिस अब तक 16 लोगों को शांति भंग में पाबंद कर चुकी है। अनुराग दुबे पुलिस मुठभेड़ में मारे गए विकास दुबे का चचेरा भाई है।
ये है पूरा मामला
बिकरू गांव में दो जुलाई की रात दबिश के दौरान सीओ समेत आठ पुलिसकर्मियों की हत्या का दी गई थी। मुख्य आरोपित हिस्ट्रीशीटर विकास दुबे के एनकाउंटर में मारे जाने के बाद उसका खौफ अब गांव वालों में खत्म हो चुका है, लेकिन दूसरे लोग वर्चस्व जमाने की जंग में कूद पड़े हैं। पंचायत चुनाव के लिए गुट तैयार हो रहे हैं। शुक्रवार शाम डिब्बा निवादा गांव में आयोजित भंडारे के दौरान गांव निवासी राजकीय रेलवे पुलिस में तैनात सिपाही अजीत यादव व अनुराग दुबे समर्थकों के बीच कहासुनी के बाद मारपीट हो गई थी। झगड़े में चार लोगों को मामूली चोटें आई हैं। अजीत भी परिवार के सदस्य को चुनाव लड़वाने की तैयारी कर रहा है। पुलिस ने मौके से मनोज, मोनू, राजेंद्र, नन्हे, प्रदीप व अजीत यादव को गिरफ्तार कर लिया था। रविवार को पुलिस ने अजीत यादव की तहरीर पर अनुराग दुबे, उसके भाई अमित व बीनू दुबे, गांव के पुष्पेंद्र, सतीश, नीरज, रामदयाल, लाखन ङ्क्षसह समेत दस लोगों पर हत्या के प्रयास व बलवा का मुकदमा दर्ज किया है। तहरीर में आरोप है कि अनुराग व उसके समर्थक प्रसाद वितरण के समय आकर झगड़ा करने लगे। विरोध करने पर लाठियों से हमला किया। अनुराग ने अवैध असलहे से फायर भी किया। एसओ कृष्ण मोहन राय ने बताया कि एक पक्ष की ओर से मिली तहरीर पर मुकदमा किया गया हैं। अभी दूसरे पक्ष की ओर से तहरीर नही मिली है।
चौबेपुर में मांगा अतिरिक्त फोर्स
पंचायत चुनाव को लेकर बिकरू व अति संवेदनशील गांवो में झगड़े व बवाल की आशंका के चलते थाना पुलिस ने उच्च अधिकारियों से अतिरिक्त पुलिस बल की मांग की हैं। चार जेब्रा बाइक और बिकरू मोड़ पर एक उपनिरीक्षक समेत दस पुलिस कर्मियों की तैनाती की भी मांग की गई है।
मुझे गलत फंसाया जा रहा : अनुराग
पूर्व जिला पंचायत सदस्य रीता दुबे के पति अनुराग दुबे ने बताया कि उन्हेें गलत फंसाया जा रहा हैं। वह मारपीट की घटना के दौरान गांव में नही थे। वह मामले में उच्च अधिकारियों से गुहार लगाएंगे।