बिकरू कांड में आरोपित जय की जमानत अर्जी खारिज, पढ़िए- कानपुर में अपराध से जुड़ी खबरें
पासपोर्ट में फर्जी शपथपत्र देने समेत अन्य मामलों में बिकरू कांड के आरोपित जय बाजपेयी की जमानत अर्जी कोर्ट ने खारिज कर दी। वहीं नौबस्ता के बुजुर्ग ने ससुरालवालों पर बेटी को जहरीला पदार्थ खिलाकर हत्या करने का आरोप लगाया है।
कानपुर, जेएनएन। पासपोर्ट बनवाने में फर्जी शपथपत्र देने, सचिवालय का फर्जी पास बनवाकर लक्जरी गाडिय़ां प्रयोग करने समेत अन्य मामलों में जनपद न्यायाधीश आरपी सिंह ने गैंगस्टर जय बाजपेयी की जमानत अर्जी खारिज कर दी है। बिकरू कांड के बाद चर्चा में आए जय बाजपेयी पर कई मामले विचाराधीन हैं। इन्हीं मामलों से जुड़ी दो जमानत अर्जी पर सुनवाई करते हुए अभियोजन ने तर्क दिया कि प्रमोद विश्वकर्मा, कपिल चौहान और राहुल ङ्क्षसह के नाम पर तीन लक्जरी गाडिय़ों का प्रयोग करके जय बिकरू कांड के आरोपित विकास दुबे को शहर से बाहर निकालना चाहता था, लेकिन पुलिस की सक्रियता के चलते वह सफल नहीं हो सका।
तीनों गाडिय़ों का रजिस्ट्रेशन दूसरों के नाम पर है, लेकिन प्रयोग जय करता था। पासपोर्ट बनवाने के दौरान जय ने जो शपथपत्र दिया, उसमें अपना अपराधिक इतिहास छिपाया था। अभियोजन ने तर्क दिया कि इससे उसकी मंशा पर सवाल खड़े होते हैं। उसके पास एक से अधिक पते के वोटर आइडी कार्ड हैं। इस मामले में बचाव पक्ष का तर्क था कि पुलिस ने फर्जी गुडवर्क दिखाने के लिए दूसरों की गाडिय़ां जय बाजपेयी पर थोप दीं। पासपोर्ट बनवाने में भी जय ने किसी तथ्य को नहीं छिपाया था।
विवाहिता को जहर देकर मारने का आरोप, मुकदमा
नौबस्ता के एक बुजुर्ग ने बेटी को जहरीला पदार्थ खिलाकर हत्या करने का आरोप उसके ससुराल वालों पर लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई है। नौबस्ता पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर छह साल बाद ससुरालियों पर हत्या की रिपोर्ट दर्ज की है। बरकत हाता राजीव नगर मछरिया निवासी मोहम्मद इलाही ने बेटी शकीना बेगम का निकाह मेराज बाबा मजार इस्लाम नगर मछरिया निवासी चांद बाबू से की थी। परिवार में चांद बाबू की बड़ी बहन रेशमा, सास शलीमुन निशा, जेठ शमीम रहते हैं।
आरोप है कि रेशमा बेटी पर अनैतिक कार्य के दबाव डालती थी। आरोप है कि इन्कार करने पर ससुराल वाले उसे पीटते थे। वर्ष 2016 में बेटी ने उन्हें इसकी जानकारी दी थी। जिसके बाद वह जाकर घरवालों को समझाकर आए थे। आरोप है कि समझाने के तीन दिन बाद ससुरालियों ने दोबारा बेटी को पीटा था। जानकारी होने पर पहुंचे तो मुंह से खून निकल रहा था। इस पर उसे एलएलआर अस्पताल में भर्ती कराया था। जहां उसकी उपचार के दौरान मौत हो गई। थाना पुलिस के सुनवाई न करने पर न्यायालय में गुहार लगाई। जिसके बाद नौबस्ता पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। थाना प्रभारी नौबस्ता का कहना है कि ससुरालियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच कराई जा रही है।
किशोर को किया लहूलुहान
चकेरी के जाजमऊ में खेल के दौरान बच्चों में विवाद हो गया। 15 वर्षीय किशोर को उसके साथियों ने पीटने के बाद चापड़ से हमलाकर लहूलुहान कर दिया। घायल किशोर के पिता ने हमलावरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। जाजमऊ में टेनरी कर्मी का 15 वर्षीय बेटा शुक्रवार दोपहर साथियों के साथ खेल रहा था। इसी बीच उसका इलाके में ही रहने वाले तीन साथियों से विवाद हो गया। टेनरी कर्मी के मुताबिक विवाद होने पर बेटे के एक साथी के पिता ने बीच-बचाव करने के बजाय अपने बेटे से उसे पीटने को कहा। पड़ोसी के बेटे ने दो अन्य साथियों के साथ मिलकर टेनरी कर्मी के बेटे को पीटा। आरोप है कि मारपीट के दौरान पड़ोसी के बेटे ने गर्दन पर चाकू से वार कर दिया। जिससे उनका बेटा लहूलुहान होकर गिर पड़ा। इसी बीच वह नमाज अदा करके वापस लौटे और आनन फानन में बेटे को पास के अस्पताल में भर्ती कराया। थाना प्रभारी चकेरी दधिबल तिवारी ने बताया कि टेनरी कर्मी ने हमलावरों के खिलाफ तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज कराई है। मामले की जांच करने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
महिला की मौत पर दहेज हत्या का आरोप
जूही निवासी विवाहिता मधु की मौत के बाद उसके मायके वालों ने पति व सास के खिलाफ फजलगंज थाने में दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है। मधु की मां मीना के मुताबिक उनकी बेटी की शादी चार साल पहले दर्शनपुरवा निवासी राजेंद्र अग्निहोत्री से हुई थी। मायके पक्ष के लोगों ने आरोप लगाया कि शादी के बाद से ही पति व सास, मधु को दहेज के लिए प्रताडि़त कर रहे थे। इसके कारण मधु बीमार रहने लगीं। आरोप है कि 22 मार्च को राजेंद्र मारपीट करके मधु को मायके में छोड़ गया। चार अप्रैल को उन्होंने मधु को उर्सला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसकी मौत हो गई। थाना प्रभारी अजय प्रताप सिंह ने बताया कि मुकदमा लिखा गया है। आरोपों की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।