कन्नौज में आगरा लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर डिवाइडर से टकराकर बाइक सवार की मौत, साथी गंभीर
आगरा लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर हादसों का सिलसिला थम नहीं रहा है। दो दोस्त दिल्ली से अमेठी के लिए चले थे जो कन्नौज के ठठिया में एक्सप्रेस वे पर हादसे का शिकार हो गए। युवक की मौत की जानकारी पर घरवालों में कोहराम मच गया।
कन्नौज, जेएनएन। आगरा लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर डिवाइडर से टकराकर बाइक सवार युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनोंसाथी बाइक से दिल्ली से अमेठी जा रहे थे। घायल साथी को तिर्वा मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने स्वजन को सूचना दी तो होली पर घर का चिराग बुझने की जानकारी पर कोहराम मच गया।
नई दिल्ली के श्याम नगर निवासी 30 वर्षीय आकाश पाठक पुत्र राजू पाठक अपने दोस्त राकेश के साथ बाइक से अमेठी जा रहे थे। दोनों दोस्त रविवार शाम दिल्ली से चले थे। आधी रात करीब एक बजे आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर कन्नौज के ठठिया में 209 किलोमीटर प्वाइंट पर उनकी बाइक डिवाइडर से टकरा गई। तेज रफ्तार बाइक पर एक्सप्रेस-वे पर काफी दूर तक घिसटती चली गई।
हादसे में आकाश और राकेश गंभीर घायल हो गए। सूचना पर आए यूपीडा कर्मियों ने दोनों घायलों को तिर्वा मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। डॉक्टरों ने राकेश काे भर्ती करके इलाज शुरू किया, जबकि आकाश को मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी स्वजन को दी गई तो कोहराम मच गया। पिता ने सोमवार की सुबह 10 बजे तक मेडिकल कॉलेज पहुंचने की जानकारी दी। बाइक चालक को नींद की झपकी आने से हादसा होने की आशंका जताई जा रही है।