एमपी की सिंध नदी में हादसा, नाव पलटने से जालौन की किशोरी समेत दो बच्चे बहे, पुलिस का सर्च आपरेशन जारी
मध्य प्रदेश के नयागांव के पास सिंध नदी पर शुक्रवार शाम दर्दनाक घटना हो गई। यहां नाव नदी में पलटने से दो बच्चे पानी में बह गए। दोनों बच्चे जालौन के रामपुरा के रहने वाले हैं। बच्चे रिश्तेदारी में जा रहे थे। तभी हादसा हो गया।
जालौन, जागरण संवाददाता। मध्य प्रदेश के नयागांव के पास सिंध नदी पर नाव नदी में पलटने से दो बच्चे पानी में बह गए। घटना के बाद से अफरा- तफरी मच गई। यह बच्चे अपने स्वजन के साथ किसी रिश्तेदारी में जा रहे थे। घटना की सूचना जैसे ही इनके घर पर पहुंची तो कोहराम मच गया। उधर बच्चों की तलाश में मध्य प्रदेश पुलिस देर रात तक प्रयासरत रही है। घटना शाम सवा छह बजे की बताई जा रही है।
जालौन जिले के ग्राम मिर्जापुरा थाना रामपुरा के रहने वाले सुभाष चंद्र का दस वर्षीय पुत्र ओम व सुखदीन बघेल की 16 वर्षीय द्रोपदी अपने स्वजन के साथ भिंड जिले के नया गांव जा रहे थे। सिंध नदी पर यह अपने स्वजन के साथ नाव में सवार होकर टेनगुर घाट से नदी पार कर रहे थे। शाम होने के कारण नाव नदी के बीच में अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। नाव में किशोरी द्राेपदी के पिता समेत सात लोग सवार थे।
जिसमें यह दोनों बच्चे तेज बहाव में बह गए। जब कि बाकी पांच लोग सुरक्षित निकाल लिए गए। टेनगुर घाट से सिंध नदी बहती है जो कि मध्यप्रदेश की सीमा में आती है। घटना की सूचना पाकर थाना रौन की पुलिस व बच्चों के स्वजन मौके पर पहुंचे। अभी नदी में डूबे बच्चों का पता नहीं चल सका है।