उरई में दर्दनाक हादसा, बिजली के खंभे में उतरे करंट से चिपके मां-बेेटे की मौत, एक की हालत गंभीर
ग्राम खरका निवासी अच्छेलाल का 28 वर्षीय पुत्र विनय कुमार दोपहर खेतों में काम कर रहा था। जिस खेत में वह काम कर रहा था वहीं एक निजी ट्रांसफार्मर रखा हुआ था। इसी दौरान ट्रांसफार्मर के पोल में उसका हाथ छू गया। पोल में करंट आ रहा था।
उरई, जेएनएन। डकोर थाना क्षेत्र के ग्राम खरका में रविवार की दोपहर एक खेत में लगे निजी नलकूप के ट्रांसफार्मर के पोल में उतरे करंट से मां- बेटे की मौत हो गई। जब कि बहू बुरी तरह से झुलस गई। बहू को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
ग्राम खरका निवासी अच्छेलाल का 28 वर्षीय पुत्र विनय कुमार दोपहर खेतों में काम कर रहा था। जिस खेत में वह काम कर रहा था वहीं एक निजी ट्रांसफार्मर रखा हुआ था। इसी दौरान ट्रांसफार्मर के पोल में उसका हाथ छू गया। पोल में करंट आ रहा था। विनय उसी में करंट लगने से चिपक गया। पुत्र को करंट से चिपका देख मां शिवकली उसे बचाने के लिए दौड़ी, लेकिन वह भी करंट की चपेट में आ गईं। मां बेटे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। हड़बड़ाहट में विनय की पत्नी सत्यवती ने भी दोनों को पकड़ लिया उसे भी भयंकर करंट लगा, गनीमत यह रही कि इसी दौरान अचानक लाइट चली गई। सत्यवती गंभीर रूप से झुलस गई। मां बेटे की मौत के बाद घर में मातम पसर गया। हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई। बुरी तरह से झुलसी सत्यवती को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डकोर थाना के प्रभारी निरीक्षक अशोक कुमार वर्मा का कहना है कि घटना के संबंध में अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। हादसा कैसे हुआ इसकी जांच की जाएगी।