महोबा में मासूम की दर्दनाक मौत, घर के बाहर खेलते समय नाली के बने गड्डे में गिरा
महोबकंठ थाना क्षेत्र के गांव में हादसे के बाद स्वजन में कोहराम मच गया। सुबह खेलते हुए वह नाली के लिए बने गड्ढे में गिर गया जिससे उसकी डूबकर मौत हो गई। काफी देर बाद तलाश करने पर उसक शव उतराता हुआ मिला।
महोबा, जेएनएन। महोबकंठ थाना क्षेत्र के गांव में रविवार सुबह उस समय गांव वाले सन्न रह गए, जब एक मासूम का शव नाली के गड्ढे में उतराता मिला। घर के बाहर खेल रहा मासूम सुबह किस समय नाली के गड्ढे में गिर गया किसी को पता ही नहीं चला। काफी देर बाद स्वजन ने तालश शुरू की तो उसका शव मिलने से कोहराम मच गया। घटना के बाद से पूरे गांव में मातम छा गया।
महोबकंठ थाना क्षेत्र के सौरा गांव में बाबूलाल का दो वर्षीय बेटा अरुण घर के बाहर खेल रहा था। सुबह खेलते-खेलते वह घर से निकली नाली का पानी एकत्र करने के लिए बने गड्डे में चला गया। कुछ देर बाद घर वालों को बच्चा नहीं दिखा तो उसकी खोजबीन हुई। सुबह करीब दस बजे पानी भरे गड्डे में बच्चा मिला, उसे आनन फानन में मध्य प्रदेश के हरपालपुर स्थित स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां डाॅक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पिता ने बताया कि घर से निकली नाली का पानी एकत्र करने के लिए घर के बार करीब तीन से चार फीट गहरा कच्चा गड्डा बना है। बच्चा बाहर खेल रहा था उस समय किसी की उस पर नजर नहीं पड़ा और वह गड्डा में जा गिरा। पिता ने बताया कि अरुण का बड़ा भाई चार साल का दाऊ बच्चे को लेकर घर से बाहर गया था। कुछ देर वह उसके साथ खेलता रहा। किसी कारण से वह घर चला आया था। इधर बच्चा खेलते हुए घर के पास बने गड्डे में कब चला गया किसी को पता ही नहीं चला।