आतिशबाजी) प्रदूषण के लिए जागरूकता कर रही पटाखों से दूर
जासं कानपुर प्रदूषण को लेकर लोग जागरूक होते जा रहे हैं। इसके चलते लोग पटाखों से दूर हो रहे हैं।
जासं, कानपुर : प्रदूषण को लेकर लोग जागरूक होते जा रहे हैं। इसके चलते ही बड़ी संख्या में लोग पटाखों से दूर हो रहे हैं। विशेषज्ञ भी कह रहे हैं कि दीपावली के मौके पर छुड़ाए गए पटाखे इस कोरोना काल के दौरान घातक हो सकते हैं। इन हालात को देखते हुए पटाखा कारोबारी भी अभी बड़ा ऑर्डर देने में हिचक रहे हैं। लाइसेंस मिलने के बाद वे शुरुआत में एक-दो दिन का ही स्टॉक मंगाएंगे, इसके बाद जैसे-जैसे जरूरत होगी और ऑर्डर किए जाएंगे।
पिछले कुछ वर्षो से पटाखा बाजार क्राइस्ट चर्च ग्राउंड पर लग रहा है। पटाखा कारोबारियों को उम्मीद है कि उन्हें पांच नवंबर के आसपास दुकानें लगाने के लिए लाइसेंस मिल जाएंगे। इसके बाद भी दीपावली के नौ दिन बाकी रह जाएंगे। इस बाजार में पटाखे आगरा और मैनपुरी से आते हैं। लाइसेंस मिलते ही आगरा और मैनपुरी के बड़े कारोबारियों के एजेंट कानपुर आ जाते हैं और यहां से दीपावली तक ऑर्डर लेते रहते हैं।
कानपुर पटाखा व्यापार मंडल के अध्यक्ष राजू शम्सी के मुताबिक पहले से पटाखे स्टॉक नहीं करने पड़ते। जैसे ही लाइसेंस मिलता है, एजेंट को ऑर्डर कर देते हैं। अगले दिन सुबह तक पटाखे कानपुर में आ जाते हैं। अभी शुरुआती दौर में उतने ही पटाखे मंगाएंगे, जितने में दुकान सज जाए। इसके बाद जैसे-जैसे जरूरत होगी, पटाखे मंगाते रहेंगे। एक साथ बड़ा ऑर्डर देना ठीक नहीं है।