अथर्व ने दुबई में बजाया कानपुर का डंका, इस तरह विजेता बनकर बढ़ाया मान Kanpur News
दुबई में आयोजित की गई थी अंतरराष्ट्रीय ब्रेनोब्रेन प्रतियोगिता 32 देशों के दो हजार थे प्रतिभागी।
कानपुर, जेएनएन। कनपुरिये अब देश ही नहीं विदेशों में भी अपनी प्रतिभा का डंका बजवा रहे हैं। इस बार शहर का नाम रोशन किया है सी ब्लॉक पनकी निवासी कक्षा पांच के छात्र अथर्व सिंह ने। उन्होंने दुबई में आयोजित अंतरराष्ट्रीय बे्रनोब्रेन प्रतियोगिता में 32 देशों के दो हजार प्रतिभागियों को पछाड़ कर पहला स्थान प्राप्त किया है।अथर्व के पिता मनीष सिंह चिकित्सकीय उपकरणों के कारोबारी है। उन्होंने बताया कि उनका बेटा छावनी स्थित स्वराज इंडिया पब्लिक स्कूल में कक्षा पांच का छात्र है।
दुबई में आयोजित प्रतियोगिता में अथर्व के साथ पिता और दादा नागेंद्र सिंह भी गए थे। जब अथर्व को सम्मान मिला तो उनकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा। बे्रनोब्रेन प्रतियोगिता चार साल में एक बार होती है, जिसमें बेहद जटिल जोड़, गुणा, घटाना और भाग के सौ सवालों को तीन मिनट में हल करना होता है। आठ स्तरों पर होने वाली इस प्रतिस्पर्धा में अथर्व ने पांचवी लेवल में सबसे बेहतर प्रदर्शन किया। अथर्व अपने प्रदर्शन का श्रेय पिता मनीष सिंह, दादा नागेंद्र सिंह के अलावा बे्रनोब्रेन की मोनिका अनेजा का देते हैं। उनका कहना है कि लक्ष्य बड़ा हो तो मंजिल मिल जाती है।