संक्रमण से निजात दिलाने को कानपुर में आर्य समाज ने कराया यज्ञ, घर-घर जाकर डलवाई गईं आहुति
आर्य समाज के प्रधान अशोक आनंद ने बताया कि शहर की घनी आबादी वाले क्षेत्रों में पहुंचकर लोगों को यज्ञ के लाभ व संक्रमण में मानसिक संतुष्टि से लिए यज्ञ करने का आह्वान किया जा रहा है। यज्ञ करने से वातावरण शुद्धि होती है।
कानपुर, जेएनएन। समाज को संक्रमण मुक्त करने और यज्ञ के महत्व से लाेगों को परिचित कराने के लिए रविवार को टोली निकली। आर्य समाज द्वारा कोरोना उन्मूलन यज्ञ की टोली के माध्यम से शहर के कई क्षेत्रों में दरवाजे पर जाकर लोगों से आहुतियां अर्पित करवाई गईं। रविवार को आर्य समाज की घर-घर यज्ञ टोली ने दादा नगर, चरण सिंह कालोनी, राम आसरे नगर सहित दक्षिण के कई भागों में जाकर लोगों को यज्ञ के लाभ बताए।
जिला आर्य प्रतिनिधि सभा एवं महर्षि दयानंद सेवा समिति के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को घर-घर यज्ञ कराने के लिए यज्ञ टोली निकाली गई। आर्य समाज के प्रधान अशोक आनंद ने बताया कि शहर की घनी आबादी वाले क्षेत्रों में पहुंचकर लोगों को यज्ञ के लाभ व संक्रमण में मानसिक संतुष्टि के लिए यज्ञ करने का आह्वान किया जा रहा है। यज्ञ करने से वातावरण शुद्धि होती है। यज्ञ में डालने वाली औषधियुक्त आहुतियों से वातावरण में फैले हानिकारक जीवाणुओं का अंत होता है। इसलिए सभी को नित्य घरों में छोटा से हवन जरूर करना चाहिए। उन्होंने बताया कि समाज द्वारा आगामी कई दिनों तक टोली बनाकर शहर के कई भागों में जाकर लोगों को जागरूक किया जाएगा। इस अवसर पर उपमंत्री सुरेंद्र गेरा, जयदेव, सौरभ, ओम प्रकाश सचान, प्रमोद, अमित, उत्पल, संगीता, सुशील,भारती, शंकर व संजय आदि उपस्थित रहे।