कांग्रेस को छोड़ राजाराम पाल समाजवादी पार्टी में शामिल, बोले- सपा के लिए मेरा खून भी समर्पित
पूर्व सांसद राजाराम पाल ने सोमवार को लखनऊ में सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव से मुलाकात की थी। करीब एक घंटे की हुई बातचीत में उनके सपा में शामिल होने की रणनीति बनी। मंगलवार को सपा प्रमुख पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की रैली में इसकी घोषणा हो गई।
कानपुर, जेएनएन। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव से लखनऊ में मुलाकात के बाद कांग्रेस नेता राजाराम पाल मंगलवार को सपा में शामिल हो गए। कांग्रेस पार्टी के कद्दावर नेता आैर पूर्व सांसद राजाराम पाल पिछले काफी समय से पार्टी में निष्क्रिय थे। इसके पीछे बड़ा कारण शीर्ष नेतृत्व में उनकी उपेक्षा बतायी जा रही है। इसी बीच उन्होंने साेमवार को अखिलेश यादव से लखनऊ में करीब एक घंटे तक बातचीत की आैर सपा में शामिल होने की रणनीति बनाई। मंगलवार को सपा प्रमुख अखिलेश यादव घाटमपुर में आयोजित रैली में पहुंचे तो मंच पर पहले से मौजूद राजाराम से उन्हाेंने वार्ता की इसके बाद उनकी सदस्यता की घोषणा हुई।
यह भी पढ़ें : अखिलेश यादव का सीएम योगी पर तंज, बोले- बाबा जी के साथ यूपी से जाएंगे बुल और बुल्डोजर
राष्ट्रीय कार्यकारिणी में सचिव थे राजाराम : राजाराम पाल को राहुल गांधी और प्रियंका वाड्रा का खास माना जाता है। वे आल इंडिया कांग्रेस कमेटी में सचिव और प्रदेश कांग्रेस कमेटी में उपाध्यक्ष रह चुके हैं। प्रियंका वाड्रा द्वारा कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव पद का कार्यभार संभालने के बाद उन्हें सलाहकार समिति और चुनाव प्रचार समिति में सदस्य बनाया गया। राजाराम पाल प्रदेश अध्यक्ष की दौड़ में भी शामिल थे।
राजाराम का राजनीतिक सफर : सपा में शामिल हुए राजाराम पाल 1996 में बसपा के टिकट से विधायक बने थे। वर्ष 2004 में बसपा के टिकट से ही अकबरपुर से सांसद बने। तदोपरांत कांग्रेस की सदस्यता ली और 2014 और 2019 में लाेकसभा चुनाव में पराजित हुए। पूर्व सांसद पर 2005 में पैसे लेकर लोकसभा में प्रश्न पूछने का आरोप लग चुका है।
सपा के लिए खून भी दे सकते: अखिलेश यादव की उपस्थिति में राजाराम पाल ने सदस्यता लेने के बाद कहा कि समाजवादी पार्टी के लिए मेरा खून भी समर्पित है। पूर्व सांसद ने कहा कि विजयरथ को आगे बढ़ाने में मेरा शरीर काम आया तो लगा दूंगा।
कानपुर की बिठूर विस सीट से कर सकते प्रतिनिधत्व: सपा में सम्मिलित होने के बाद पूर्व सांसद राजाराम पाल को अगले विधानसभा चुनाव में बिठूर से टिकट मिलने की संभावनाएं जताई जा रही हैं। उनके खास लोग अकबरपुर रनियां से भी टिकट मिलने की संभावना जता रहे हैं।