आज अपने गढ़ में निकलेंगे अखिलेश, सैफई से मैनपुरी रवाना होगा समाजवादी विजय यात्रा रथ
यूपी विधानसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश समाजवादी विजय रथ यात्रा का आठवां चरण मैनपुरी से एटा तक है। सैफई स्थित पैतृक आवास से अखिलेश यादव लोक निर्माण विभाग के गेस्ट हाउस में मौजूद रथ पर सवार होकर निकलेंगे।
इटावा, जागरण संवाददता। यूपी विधानसभा चुनाव ( UP Assembly Chunav 2022) से पहले समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव प्रदेश में समाजवादी विजय यात्रा रथ निकाल रहे हैं। सात चरण पूरे करने के बाद मंगलवार को सफैई से अपने गढ़ में आठवें चरण की शुरुआत करने जा रहे हैं। समाजवादी विजय यात्रा रथ मंगलवार की सुबह सैफई पहुंच गया और मैनपुरी के लिए रवाना होने वाला है। सपा प्रमुख अखिलेश यादव सोमवार की रात्रि सैफई स्थित आवास पर पहुंच गए थे।
उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव प्रदेश में जनसमर्थन जुटाने के लिए समाजवादी विजय रथ यात्रा निकाल रहे हैं। 12 अक्टूबर को कानपुर से समाजवादी विजय यात्रा रथ की शुरुआत के बाद अखिलेश अबतक सात चरण में यात्रा पूरी कर चुके हैं। इसमें कानपुर, कानपुर देहात, जालौन व हमीरपुर जिले में यात्रा निकली थी। इसके बाद यात्रा बुंदेलखंड में बांदा से महोबा, ललितपुर व झांसी में निकाली गई, वहीं कांग्रेस के गढ़ रायबरेली में भी अखिलेश हुंकार भर चुके हैं। साथ ही जौनपुर में समाजवादी रथ घूम चुका है।
अब आठवां सपा के गढ़ से शुरू होने जा रहा है, सपा प्रमुख अखिलेश यादव अपने पैतृक निवास सैफई में समावादी विजय रथ के साथ पहुंच गए हैं। यहां से यात्रा मैनपुरी के लिए रवाना होगी और एटा तक जाएगी। इस बीच अखिलेश यादव जगह-जगह पर आयोजित जनसभाओं को संबोधित करेंगे। मंगलवार की सुबह 11 बजे मैनपुरी के क्रिश्चियन मैदान में जनसभा प्रस्तावित है। इसके बाद यात्रा एटा के लिए रवाना होगी।
सैफई में समाजवादी विजय रथ लोक निर्माण विभाग के गेस्ट हाउस में खड़ा है। मंगलवार को सपा कार्यकर्ता सुबह से अखिलेश से मुलाकात करने के लिए आवास के बाहर एकत्रित होने लगे। लोक निर्माण विभाग के डाक बंगले में भी सपाइयों की भीड़ है। अखिलेश यादव का समाजवादी विजय रथ यात्रा का मैनपुरी से एटा के लिए आठवां चरण है।