Move to Jagran APP

सेक्युलर मोर्चा से फर्क नहीं पड़ता, चाहे जितनी आती रहें भाजपा की बी, सी, डी पार्टियां : अखिलेश

सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा, गंदगी और गोबर वाला स्मार्ट सिटी बनकर रह गया है कानपुर। भाजपा सरकार ने शहर का बेड़ागर्क कर दिया है।

By AbhishekEdited By: Published: Mon, 15 Oct 2018 04:04 PM (IST)Updated: Tue, 16 Oct 2018 08:07 AM (IST)
सेक्युलर मोर्चा से फर्क नहीं पड़ता, चाहे जितनी आती रहें भाजपा की बी, सी, डी पार्टियां : अखिलेश
सेक्युलर मोर्चा से फर्क नहीं पड़ता, चाहे जितनी आती रहें भाजपा की बी, सी, डी पार्टियां : अखिलेश
कानपुर(जेएनएन)। चाचा शिवपाल यादव के सेक्युलर मोर्चा व राजा भैया के दूसरी पार्टी बनाने की सक्रियता पर पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव सीधे तो नहीं बोले लेकिन इशारों इशारों में बहुत कुछ कह गए। कहा कि भाजपा की अभी कितनी बी, सी और डी पार्टियां आएगी लेकिन हम इसकी परवाह नहीं करते हैं। बिहार में यशवंत सिंहा और शत्रुघ्न सिन्हा संपूर्ण क्रांति की बात कह रहे है। यही स्थिति जेपी आंदोलन के समय भी थी और तबभी महंगाई व बेरोजगारी चरम पर थी। तब संपूर्ण क्रांति का नारा दिया गया था लेकिन इस बार नारा है भाजपा का संपूर्ण सफाया।
गंगा के लिए स्वामी सानंद ने दे दिए प्राण, सो रही है भाजपा सरकार
कानपुर में सपा प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम के बेटे के विवाह समारोह में पत्रकारों से वार्ता में सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि गंगा सफाई पर केवल तारीख पर तारीख सरकार बदल रही। स्वामी सानंद को गंगा सफाई के लिए सरकार को जगाते हुए अपने प्राण देने पड़े लेकिन भाजपा सरकार सो ही रही है। सपा शासनकाल में लखनऊ में गोमती रिवर फ्रंट बना और गोमती को साफ किया गया।
यहां भी सपा सरकार की ऐसी योजना थी लेकिन भाजपा सरकार आने के बाद से कुछ न हुआ। बिना सहायक नदियों को साफ किए और नालों का गंगा में गिरना बंद किए, इसे साफ नहीं किया जा सकता है। गंगा सफाई के नाम पर केवल भाजपा सरकार उद्योगों को बंद कर रही। उद्योग बंद कर गंगा सफाई की बात की जा रही है। उद्योग व व्यापार आज चौपट हो चुका है।
गोबर वाला स्मार्ट सिटी बना कानपुर
पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि कानपुर शहर केवल गोबर वाला स्मार्ट सिटी बनकर रह गया है। भाजपा सरकार ने शहर का बेड़ागर्क करके रखा है। सपा सरकार ट्रांस गंगा सिटी बना रही थी लेकिन भाजपा सरकार ने शहर में स्मार्ट सिटी बना दी वह भी अजब गजब। हर तरफ गोबर, गंदगी, गडढे नजर आते है, ट्रैफिक तो यहां चलता ही नहीं। धूल और धुंआ हर तरफ उड़ता है। शहर में गंगा सबसे ज्यादा मैली है लेकिन भाजपाइयों को नजर नहीं आता है। लखनऊ में मेट्रो सपा सरकार ने बनाई यहां भी शुरुआत की थी लेकिन भाजपा सरकार आने के बाद मेट्रो का काम ठंडा पड़ा है।
अद्र्धकुंभ को बता दिया कुंभ
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार ने तो इलाहाबाद में कुंभ को ही बदल दिया। अद्र्धकुंभ को कुंभ बता दिया है। भाजपा ने तो सिर्फ धोखा दिया, किस किसको धोखा देंगे। कन्नौज के राजा ने कुंभ में सबसे बड़ा योगदान दिया था लेकिन भाजपा ने कुंभ में उनके नाम के लिए कुछ नहीं सोचा। 
चीन से ला रहे पटेल प्रतिमा बनाने को लोहा
सपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि गुजरात में बनाई गई सरदार पटेल की प्रतिमा चीन से लाए लोहे से बनाई गई है। एक तरफ चीन हमपर आंख तरेर रहा और उससे मुकाबले की बात करते हैं लेकिन दूसरी तरफ चीन से ठेकेदार के साथ ही सामान आ रहा है। भाजपा ने देशभर में प्रतिमा के नाम पर लोहा एकत्र किया लेकिन लोहा चीन से मंगाया गया। गुजरात में उत्तर भारतीयों को भगाया जा रहा है और प्रधानमंत्री मोदी चुप्पी साधे हुए हैं।

Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.