कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा, भाजपा की सरकार में दलितों पर हुआ ज्यादा अत्याचार
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू और विधानमंडल की नेता आराधना मिश्रा ने कानपुर उर्सला अस्पताल में मंगटा के घायलों का हाल लिया।
कानपुर, जेएनएन। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने कहा है कि भाजपा की सरकार में दलितों पर उत्पीडऩ बढ़ा है। एनसीआरबी की रिपोर्ट देखी जाए तो एक तिहाई दलितों पर अत्याचार भाजपा की सरकार में हुआ है। प्रदेश में महिलाएं, बच्चियां और दलित सुरक्षित नहीं हैं, जंगल राज कायम है। सरकार का कानून व्यवस्था पर कोई कंट्रोल नहीं रहा है। कानपुर देहात के मंगटा में हुई घटना उत्तर प्रदेश सरकार के असली चेहरे को उजागर कर रही है। कांग्रेस इन मुद्दों को लेकर सड़क लेकर संसद तक लड़ेगी।
मंगटा गांव के घायलों का लिया हाल
शहर उर्सला अस्पताल पहुंचे कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू और विधानमंडल दल की नेता आराधना मिश्रा गुरुवार को उर्सला अस्पताल आए। उन्होंने कानपुर देहात के मांगटा गांव में हुई मारपीट में घायलों से मुलाकात की और हालचाल लिया। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि ग्रामीणों द्वारा एक कथा का आयोजन किया गया, जिसमें कुछ लोगों ने खनन डालने का प्रयास किया। कथा खत्म होने के दूसरे दिन बाबा भीमराव आंबेडकर का पोस्टर फाड़ा गया, ग्रामीणों ने इसका भी विरोध किया।
पुलिस ने कार्रवाई करने की बजाए समझौता कराने का प्रयास किया क्योंकि आरोपित दबंग राजनीतिक पार्टी के कार्यकर्ता थे और उन्हें सरकार का संरक्षण प्राप्त है। इसका फायदा उठाने हुए उन लोगों ने घर में घुसकर महिलाओं, बच्चों और बुजुर्ग के साथ मारपीट की। उन्होंने कहा कि आज महिलाएं और बच्चियां सुरक्षित नहीं है, राह चलते दबंग उनसे छेड़छाड़ करते हैं। बच्चों को स्कूलों से निकाला जा रहा है। कहा, मंगटा मामले में अभी तक 11 लोग ही पकड़े गए, जबकि 19 लोग फरार चल रहें। आरोपितों पर रासुका की कार्रवाई होनी चाहिए।
प्रियंका दीदी ने भेजी है चॉकलेट
विधानमंडल की नेता आराधना मिश्रा ने दो वर्षीय घायल आदर्श को चॉकलेट देते हुए कहा कि यह प्रियंका दीदी ने भेजी है। कहा, प्रियंका गांधी के निर्देश पर घायलों से मिलने आये हैं और गांव जाकर भी पीडि़तों की बात सुनी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में जंगल राज है और कानून व्यवस्था पर सरकार का कंट्रोल नहीं है। पुलिस का रवैया बिल्कुल गलत रहा। कांगेस नेताओं ने घायल मनफूल कुमार, रामकली, चंद्रकली, रामकली, उमाशंकर, गुड्डी, सुखरानी, पुष्पा, महेश का हाल लिया। राज्यसभा सांसद पीएल पुनिया, पूर्व केंद्रीय मंत्री श्रीप्रकाश जायसवाल, पूर्व सांसद राजाराम पाल, राकेश सचान, शहर हरप्रकाश अग्निहोत्री, ऊषा रानी कोरी, विकास अवस्थी मौजूद रहे।