बांदा में कृषि मंत्री शाही ने किया किसान मेले उद्घाटन, कहा - मोदी सरकार ने बढ़ाया किसानों का आत्मविश्वास
मेले का उद्घाटन करने के उपरांत कृषि मंत्री सूर्यप्रताप शाही ने कहा कि चार साल में बुंदेलखंड में कम हुईं आत्महत्याएं विपक्ष पर साधा निशाना। प्रदेश के कृषि मंत्री शाही ने किया तीन दिवसीय किसान मेले का शुभारंभ।
बांदा, जेएनएन। बांदा कृषि विश्वविद्यालय परिसर में सात राज्यों के प्रतिनिधियों के मंथन को लेकर आयोजित तीन दिवसीय किसान मेले के उद्घाटन के बाद कृषि मंत्री ने विपक्षियों पर भी निशाना साधा। कहा कि चाहे यूपीए का शासन रहा हो या फिर सपा का। किसानों के हित किसी को याद नहीं रहे। वर्ष 2013-14 में जब प्रदेश में अखिलेश सरकार थी तो बुंदेलखंड में मालगाड़ी से पानी भेजा गया था। जो सरकार पीने का पानी नहीं दे सकी, वो सिंचाई का पानी भला कैसे देती। प्रदेश में भाजपा सरकार बनी तो सीमांत व लघु सीमांत किसानों का एक लाख का कर्ज माफ हुआ। सिर्फ बांदा मंडल में सरकार ने 933.45 लाख करोड़ का कर्ज माफ किया।
प्रधामंत्री किसान सम्मान निधि योजन के गिनाए फायदे
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि में 783 करोड़ की मदद दी गई। इस तरह से चार वर्ष में बांदा मंडल के किसानों को 1817 करोड़ रुपये भेजे। इससे उनका आर्थिक बोझ कम हो रहा है। बुंदेलखंड में 24 लाख हेक्टेअर क्षेत्रफल में से आठ लाख हेक्टेअर में खरीफ, 15 से 16 लाख हेक्टेअर में रबी की फसल होती थी, जिसका दायरा अब बढ़ा है। प्रदेश के 75 हजार किसान पाठशालाएं चलाई गईं तो अखिलेश ने सवाल उठाए लेकिन किसानों की बढ़ती आमदनी से उन्हें मुंह की खानी पड़ी है। कहा कि परिवर्तन व बदलाव के लिए नई चीजें जरूरी हैं। चार साल के अंतराल में प्रदेश व बुंदेलखंड में किसानों की आत्महत्या की घटनाओं में बेहद कमी आई है। यह सब किसी जादू से नहीं, किसान हितैषी योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन से संभव हुआ है।
याद दिलाया यूपीए का कार्यकाल
किसानों की उन्नति के लिए ही प्रधानमंत्री विभिन्न योजनाएं चला रहे हैं। कुछ लोग किसानों को गुमराह कर रहे हैं। राहुल गांधी व प्रियंका अपने को किसानों का समर्थक बता रहे हैं, जबकि मनमोहन सिंह की सरकार ने बजट में 12 हजार करोड़ रुपये ही रखे थे। वर्ष 2019-20 में प्रधानमंत्री मोदी ने एक लाख 34 हजार करोड़ का बजट किसानों के लिए रखा है। इससे साफ है कि किसानों का सच्चा हितैषी कौन है। सांसद आरके सिंह पटेल, कुलपति डॉ. यूएस गौतम, प्रदेश सरकार के कृषि निदेशक डॉ.एपी श्रीवास्तव, बुंदेलखंड विकास बोर्ड के उपाध्यक्ष अयोध्या ासिंह पटेल ने भी विचार रखे। कार्यक्रम में चित्रकूटधाम मंडल के आयुक्त दिनेश कुमार सिंह, डीएम आनंद कुमार ङ्क्षसह, भाजपा जिलाध्यक्ष रामकेश निषाद, बलराम कछवाह, ममता मिश्रा, संयुक्त कृषि निदेशक उमेश कटियार आदि मौजूद रहे।