हमीरपुर की चंद्रावल नदी में नहाने गया 12वीं का छात्र डूबा, पुलिस ने गोताखोरों की मदद से शुरू कराई खोजबीन
कैथी गांव निवासी कामता प्रसाद अनुरागी का 17 वर्षीय पुत्र उपेंद्र गांव के ही अपने दोस्त राघवेंद्र व नरेश के साथ गांव के पास से गुजरी चंद्रावल नदी में नहाने गया था। चंद्रावल नदी इस समय केन बेतवा यमुना नदी में चल रही बाढ़ के कारण उफना रही है।
हमीरपुर, जेएनएन। थानाक्षेत्र के कैथी गांव में उफना रही चंद्रावल नदी में दोस्तों के साथ नहाने गया 12वीं कक्षा का छात्र डूब गया। छात्र के डूबने की सूचना मिलते ही नदी किनारे ग्रामीणों का तांता लग गया। घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंचे थानाध्यक्ष ग्रामीणों एवं गोताखोरों की मदद से छात्र की तलाश में जुटे हुए है। देर शाम तक उसका पता नहीं चल सका।
कैथी गांव निवासी कामता प्रसाद अनुरागी का 17 वर्षीय पुत्र उपेंद्र गांव के ही अपने दोस्त राघवेंद्र व नरेश के साथ गांव के पास से गुजरी चंद्रावल नदी में नहाने गया था। चंद्रावल नदी इस समय केन, बेतवा, यमुना नदी में चल रही बाढ़ के कारण उफना रही है। यमुना नदी की बाढ़ का पानी केन नदी में पलट रहा है। केन नदी का पानी चंद्रावल नदी के सहारे उलटकर टोला गांव तक पहुंच गया है। नदी के उफना जाने से कैथी गांव के खेतों में पानी भर गया है। इसी उफनाती नदी में उपेंद्र रविवार को करीब 12:00 बजे डूब गया। इसके डूबने की सूचना साथियों ने गांव वालों को दी। छात्र के नदी में डूबने की सूचना पर ग्रामीणों का नदी किनारे तांता लग गया। ग्रामीणों ने घटना से थानाध्यक्ष वीपी सिंह को अवगत कराया। किशोर के डूबने की सूचना पाकर थानाध्यक्ष पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों व गोताखोरों की मदद से उसकी तलाश शुरू कराई है। थानाध्यक्ष ने बताया कि नदी में बहुत ज्यादा पानी है और यह लगातार बढ़ रही है। इससे गोताखोरों को काफी दिक्कतें हो रही हैं। देर शाम तक किशोर का सुराग नहीं लग सका था। अचानक हुई इस घटना से उसके परिवार में कोहराम मचा हुआ है। किशोर क्षेत्र के ग्राम मुंडेरा में संचालित मौनी बाबा बीरभूमि इंटर कॉलेज का इंटरमीडिएट का छात्र था।