63 वर्ष की उम्र में नेशनल तैराकी में अपना हुनर दिखाएंगी कानपुर की रंजना, शौकिया स्वीमिंग से बनाई राष्ट्रीय फलक पर पहचान
राष्ट्रीय स्तर पर होने वाली प्रतियोगिता के जरिए खिलाड़ी खुद को सबित करेंगे। तिलक नगर निवासी 63 वर्षीय रंजना सफ्फर इसमें हिस्सा लेंगी। जिन्होंने शैकिया तैराकी से शुरू किया तैराकी का सफर राष्ट्रीय फलक पर उन्हें पहचान दिला रहा है।
कानपुर, जागरण संवाददाता। 17 वीं मास्टर नेशनल तैराकी प्रतियोगिता में शहर के दस मास्टर तैराक प्रतिभा का प्रदर्शन कर पदक हासिल करने के लिए तरणताल में उतरेंगे। 26 से 28 नवंबर के बीच मंगलौर में होने वाली प्रतियोगिता में देशभर के खिलाड़ी आयुवर्ग के हिसाब से हिस्सा लेंगे। सबसे खास बात ये है कि शहर की 63 वर्षीय रंजना सफ्फर भी इसमें हिस्सा लेंगी। मास्टर नेशनल प्रतियोगिता में खिलाड़ियों का चयन पिछली प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन के आधार पर हुआ।
उप्र तैराकी संघ के उपाध्यक्ष प्रकाश अवस्थी ने बताया कि राष्ट्रीय स्तर पर होने वाली प्रतियोगिता के जरिए खिलाड़ी खुद को सबित करेंगे। उन्होंने बताया कि तिलक नगर निवासी 63 वर्षीय रंजना सफ्फर इसमें हिस्सा लेंगी। जिन्होंने शैकिया तैराकी से शुरू किया तैराकी का सफर राष्ट्रीय फलक पर उन्हें पहचान दिला रहा है। बातचीत में रंजना सफ्फर ने बताया कि फिटनेस को दुरुस्त करने के लिए तैराकी से अच्छा कुछ भी नहीं है। बेहतर प्रदर्शन के चलते उन्हें फिक्की फ्लो ने उन्हें 2020 स्पोर्ट्स वूमेन आफ द ईयर पुरस्कार से नवाजा। खिलाड़ी 25 को प्रतियोगिता के लिए रिपोर्ट 25 नवंबर को करेंगे।
कोविड काल के चलते तैराकों को कोई बड़ा मंच नहीं मिल पा रहा था। नेशनल मास्टर तैराकी के जरिए खिलाड़ियों को बेहतर मंच दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में शहर के दस खिलाड़ियों का चयन होने से खिलाड़ियों में खुशी की लहर है। उम्मीद है कि खिलाड़ी बेहतर प्रदर्शन कर मास्टर वर्ग में खिताब पर कब्जा करेंगे।
चार स्ट्रोक में भाग लेंगे तैराक: मास्टर नेशनल प्रतियोगिता में तैराकी के चारों स्ट्रोक फ्री स्टाइल, बैक स्ट्रोक, बेस्ट स्ट्रोक व बटर फ्लाई में यह खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। नेशनल प्रतियोगिता में शहर के खिलाड़ियों का चयन पिछले प्रदर्शन के आधार पर किया गया।
यह मास्टर तैराक भी दिखाएंगे दम: प्रकाश अवस्थी, विकास अवस्थी, अनुभव मिश्रा, सौरभ भारद्वाज, रंजना सफ्फर, मोनू निषाद, राम कुमार गुप्ता, नितिन कुमार व लखन लाल अरोड़ा, प्रणय द्विवेदी उप्र की टीम से शहर के इन खिलाड़ियों का चयन हुआ है। टीम के साथ मैनेजर के रूप में कमलेश व कविता रहेंगी।