कानपुर हिंसा : उपद्रव में 36 लाख की संपत्ति का नुकसान, अब होगी वसूली की कार्रवाई Kanpur News
बाबूपुरवा बवाल में 30 लाख और यतीमखाना में छह लाख की संपत्ति की क्षति हुई।
कानपुर, जेएनएन। बाबूपुरवा व यतीमखाना उपद्रव मामले में पुलिस ने नुकसान का आकलन कर जिला प्रशासन को रिपोर्ट भेजी है। यतीमखाना में करीब 30 लाख रुपये और बाबूपुरवा में छह लाख रुपये कीमत की सरकारी और निजी संपत्ति के नुकसान का अंदाजा लगाया गया है। गिरफ्तार और प्रकाश में आए उपद्रवियों से इस रकम की वसूली की जाएगी।
बेकनगंज के यतीमखाना में 21 दिसंबर की शाम उपद्रवियों ने दो पुलिसकर्मियों के निजी वाहनों समेत चार वाहनों में आग लगा दी थी। इसके साथ ही चौकी में तोडफ़ोड़ की थी। इससे पूर्व 20 दिसंबर को भी दो वाहनों और दो दुकानों में तोडफ़ोड़ की थी। थाना प्रभारी वीर सिंह ने बताया कि उपद्रव में करीब 30 लाख रुपये के नुकसान का आकलन किया गया है। इतनी धनराशि उपद्रवियों से वसूल किए जाने की संस्तुति की गई है।
वहीं, बाबूपुरवा थाना प्रभारी अमित तोमर ने बताया कि उपद्रवियों ने चार पुलिसकर्मियों के सरकारी व निजी वाहनों में आग लगा दी थी। बाबूपुरवा चौकी में भी तोडफ़ोड़ कर आसपास के बोर्ड व अन्य सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाया था। करीब छह लाख रुपये के नुकसान का आकलन किया गया है। रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेजी गई है। हालांकि दोनों थाना प्रभारियों ने कहा कि नुकसान का अंतिम रूप से आकलन जिला प्रशासन की ओर से बनी कमेटी की ओर से किया जाएगा।