ट्रक की टक्कर से महिला की मौत, बेटी व देवर गंभीर
संवाद सूत्र तालग्राम तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में महिला की मौके पर
संवाद सूत्र, तालग्राम: तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में महिला की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि बेटी व देवर घायल हो गए। उन्हें मेडिकल कालेज तिर्वा में भर्ती कराया गया है। बाइक सवार बीमार रिश्तेदार को देखकर लौट रहे थे।
कोतवाली छिबरामऊ चौकी सिकंदरपुर के मोहल्ला हयात नगर निवासी 22 वर्षीय पवन सिंह बुधवार को बाइक से मेडिकल कालेज तिर्वा गए थे। उनके साथ 30 वर्षीय भाभी गोमती देवी एवं एक वर्षीय भतीजी प्रगति भी थी। शाम को वहां से वापस गांव के लिए आते समय तालग्राम छिबरामऊ मार्ग पर गांव गधैयाऊसर के सामने तेज रफ्तार ट्रक चालक ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक पर सवार तीनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर घायलों को भर्ती कराया गया। गोमती देवी को मृत घोषित कर दिया गया। वहीं बेटी की हालत गंभीर होने पर मेडिकल कालेज तिर्वा भेजा गया। बाइक चला रहे पवन सिंह का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर उपचार किया गया। स्वजन ने बताया कि गोमती देवी के पति रविद्र सिंह हरियाणा के गुरुग्राम में प्राइवेट नौकरी करते हैं। रविद्र की शादी दो वर्ष पहले हुई थी। डाक्टर के प्रयास की रही चर्चा दुर्घटना के बाद घायल प्रगति को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। शरीर में कोई हरकत नहीं हो रही थी। इमरजेंसी ड्यूटी पर तैनात डाक्टर संजय सिंह ने बच्ची का परीक्षण किया। उन्होंने काफी देर तक सांस लाने के लिए बच्ची को ठोका। कई बार पीठ के बल व पेट के बल लिटा कर प्रयास किए। कुछ देर बाद बच्ची की सांस वापस आ गई और वह रोने लगी। इस पर सभी ने राहत की सांस ली।