महिला ने पीट-पीटकर की ससुर की हत्या
संवाद सूत्र चपुन्ना पुत्रवधु ने पीट-पीट कर ससुर की हत्या कर दी। उनके चेहरे पर गहरे जख्म
संवाद सूत्र, चपुन्ना: पुत्रवधु ने पीट-पीट कर ससुर की हत्या कर दी। उनके चेहरे पर गहरे जख्म थे। खून के छीटे दीवार और खिड़की पर पड़े पर्दे पर पड़ गए। पति की तहरीर पर पुलिस ने हत्यारोपित महिला को हिरासत में ले लिया है। घटना के समय आरोपित महिला का पति खेत पर गेहूं की कटाई करने गया था।
थाना क्षेत्र के कंसुआ निवासी 65 साल के इस्लाम अपने पुत्र सुनील खां व पुत्रवधू निशा के साथ रह रहे थे। मंगलवार शाम को पुत्र सुनील खेतों पर गेहूं कटाई के लिए चला गया था। देर शाम जब वह वापस आया तो उसने पिता की कराहने की आवाज सुनी। पास जाकर देखा तो वह चारपाई पर खून से लथपथ पड़े थे। चेहरे पर गहरे घाव थे। सुनील के पूछने पर इस्लाम ने बताया कि उसकी पत्नी ने उसे पीटा है। इस पर सुनील ने पुलिस को सूचना करते हुए एंबुलेंस को फोन किया। एंबुलेंस से घायल को सीएचसी हसेरन में भर्ती कराया गया। जहां से उन्हें डॉक्टरों ने मेडिकल कॉलेज तिर्वा रेफर कर दिया। यहां रात के करीब दो बजे उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। सुनील ने पत्नी पर पिता की हत्या करने का आरोप लगाकर पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने हत्यारोपित निशा को हिरासत में ले लिया है। घटना की जानकारी लेकर गांव सीओ शिवकुमार थापा और प्रभारी निरीक्षक पूनम अवस्थी भी पहुंची।
सीओ शिव कुमार थापा ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस पूछताछ में महिला ने अभी कुछ नहीं बताया है। हालांकि, ग्रामीणों में महिला के किसी से अवैध संबंध में घटना को अंजाम दिए जाने की चर्चा है। बहरहाल सच क्या है, यह पुलिस जांच में ही पता चल सकेगा। फिलहाल आरोपित से पूछताछ चल रही है।