मतदान संवैधानिक अधिकार, वोट देकर निभाएं जिम्मेदारी
-मतदाता जागरूकता अभियान के तहत दी गई जानकारी -पंडित गोविद बल्लभ पंत की जयंती से किया शुभार
-मतदाता जागरूकता अभियान के तहत दी गई जानकारी
-पंडित गोविद बल्लभ पंत की जयंती से किया शुभारंभ
जागरण संवाददाता, कन्नौज : उत्तर प्रदेश के प्रथम मुख्यमंत्री पंडित गोविद बल्लभ पंत की जयंती से इत्रनगरी की धरती पर मतदाता जागरूकता अभियान का आगाज किया गया। सुव्यवस्थित मतदाता शिक्षा एवं निर्वाचक सहभागिता कार्यक्रम (स्वीप) के अंतर्गत लोगों को मताधिकार के बारे में बताया गया।
शुक्रवार को शहर के लाला श्यामलाल इंटर कालेज में पंडित गोविद बल्लभ पंत की जयंती मनाई गई। जिला विद्यालय निरीक्षक राजेंद्र बाबू, राजकीय महिला महाविद्यालय बांगर की प्राचार्य डा. शक्ति सिंह सचान, राजकीय इंटर कालेज उमर्दा के प्रधानाचार्य शिवमोहन कुशवाहा, प्रधानाचार्य आशीष कुमार शुक्ला ने पंत जी के चित्र पर पुष्पार्चन किया। इसके बाद स्वीप के अंतर्गत बच्चों को मतदान का महत्व बताते हुए गीत व नुक्कड़ नाटक के माध्यम से जागरूक किया। जिला विद्यालय निरीक्षक ने बताया कि हमारे देश में विश्व का सबसे बड़ा लोकतंत्र है। यहां प्रधान से लेकर प्रधानमंत्री तक मतदान के माध्यम से चुने जाते हैं। इसलिए सभी नागरिकों को अपने मताधिकार का प्रयोग अवश्य करना चाहिए। यह एक संवैधानिक अधिकार है, इसलिए जिस दिन मतदान हो, उस दिन सभी काम छोड़कर पोलिग बूथ तक जाएं और अपनी जिम्मेदारी निभाएं। इस मौके पर गोमती देवी गर्ल्स इंटर कालेज की प्रधानाचार्य दिव्या शर्मा, जेपी गर्ल्स इंटर कालेज की प्रधानाचार्य पुष्पा देवी, सुशीला देवी गर्ल्स इंटर कालेज की प्रधानाचार्य रूबी सिंह, आलोक मिश्रा, राजीव वर्मा, संतप्रताप सिंह, धीरेंद्र कुमार सरोज, शिवेंद्र प्रताप सिंह राणा, मुनेश्वर सिंह, सुनील कुमार, ज्योत्सना मिश्रा समेत कई शिक्षक उपस्थित थे।