अखिलेश यादव कन्नौज से करेंगे किसान यात्रा की शुरुआत
कन्नौज में कार्यकर्ता के घर पर नवदंपती को आशीर्वाद देने आए सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने सात दिसंबर को ठठिया विशष्ट मंडी से किसान यात्रा शुरू करने की जानकारी दी। उन्होंने कहा सपा हमेशा से किसानों के साथ खड़ी है और हमेशा रहेगी।
कन्नौज, जेएनएन। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव किसान यात्रा की शुरुअात सात दिसंबर को कन्नौज से करेंगे। शनिवार को कन्नौज आए सपा राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि समाजवादी पार्टी किसानों की पार्टी है। वह हमेशा से ही किसानों के साथ खड़ी थी, खड़ी है और खड़ी रहेगी।
उन्होंने कहा कि सात दिसंबर से पूरे प्रदेश में किसान यात्रा शुरू करेंगे, जिसका नारा होगा, आय बढ़ाओ, खेती बचाओ। ठठिया की विशिष्ट मंडी से शुरू हाेने वाली यात्रा नेतृत्व वह स्वयं सुबह 10 बजे करेंगे। ठठिया मंडी से तिर्वा किसान बाजार तक वह यात्रा में शामिल होंगे। वह यहां कन्नौज सदर के मोहल्ला कुतलुपुर और डाक बंगला रोड में रहने वाले कार्यकर्ता के घर नवदंपती को आशीर्वाद देने आए थे।
इसके बाद गांव कुसुमखोर निवासी नायाब खान के घर गए। इसके साथ ही कार्यकर्ता मान सिंह के बीमार भाई का हाल पूछकर का भरोसा दिया। सदर विधायक अनिल दोहरे ने बताया कि किसान यात्रा की तैयारियों को लेकर छह दिसंबर को सपा कार्यालय में कार्यकर्ताओं के साथ बैठक होगी, जिसमें रणनीति बनाई जाएगी।