प्रेमी की चौखट पर प्रेमिका ने खाया जहर
संवाद सहयोगी, छिबरामऊ (कन्नौज) : प्रेम प्रसंग में प्रेमिका ने प्रेमी की चौखट पर जहर खाकर जान
संवाद सहयोगी, छिबरामऊ (कन्नौज) : प्रेम प्रसंग में प्रेमिका ने प्रेमी की चौखट पर जहर खाकर जान देने का प्रयास किया। हालत बिगड़ने पर बेहोश पड़ी प्रेमिका को पुलिस ने अस्पताल में भर्ती कराया।
अस्पताल में भर्ती महिला ने बताया कि वह जनपद मैनपुरी थाना भोगांव के फजीलगंज की निवासी है। उसकी शादी मोहल्ला गनेश चौधरी निवासी युवक के साथ हुई थी। इस बीच पति ने मकान का निर्माण कार्य करवाया। यहां उसका प्रेम प्रसंग जेरकिला निवासी राज मिस्त्री से हो गया। इसको लेकर पति से विवाद होने पर वह अपने मायके चली गई। कुछ दिन पहले प्रेमी ने फोन कर उसको अपने घर बुला लिया। वह दो दिन साथ रही। अब प्रेमी के घर वाले नाराज हो गए हैं। उन लोगों ने मारपीट कर घर से निकाल दिया।कहीं भी ठिकाना न मिलने से परेशान होकर इधर-उधर भटकती रही। इसके बाद जहर खा लिया। बेहोशी की हालत में उसे लोगों ने प्रेमी के दरवाजे के बाहर पड़ा देख पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने गंभीर अवस्था में अस्पताल में उसे भर्ती कराया। महिला के हाथ पर प्रेमी का नाम भी लिखा मिला है। वह लगातार प्रेमी के घर जाने की जिद कर रही है। प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार व्यास ने बताया कि प्रेम प्रसंग का मामला है। महिला सड़क पर पड़ी मिली थी। उसको अस्पताल पहुंचाया गया है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई होगी।