कन्नौज की सामूहिक दुष्कर्म पीडि़ता की परिवार सहित सीएम आवास पर आत्मदाह की धमकी
उत्तर प्रदेश में महिलाओं के खिलाफ अत्याचार की वारदातें रुकने का नाम ही नहीं ले रहीं हैं। कन्नौज में एक महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है।
कन्नौज (जेएनएन)। इत्रनगरी कन्नौज की एक सामूहिक दुष्कर्म पीडि़ता ने वीडियो वायरल होने के बाद बड़ा कदम उठाने का फैसला किया है। उसने धमकी दी है कि अगर उसको न्याय नहीं मिलता है तो वह लखनऊ में मुख्यमंत्री आवास पर जाकर परिवारीजन के साथ आत्मदाह कर लेगी। सामूहिक दुष्कर्म के मामले में आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश हो रही है।
उत्तर प्रदेश में महिलाओं के खिलाफ अत्याचार की वारदातें रुकने का नाम ही नहीं ले रहीं हैं। कन्नौज में एक महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। इस पूरी घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है। इस मामले में पीडि़ता परिवार सहित दो दिन पहले थाना में पहुंची और केस दर्ज कराया। इसके बाद उसकी मांग दोषियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने की है। पीडि़ता ने साफ कहा है कि अगर एक दिन में दोषी पकड़े नहीं गए तो वह लखनऊ में मुख्यमंत्री आवास पर जाकर परिवार के सदस्यों के साथ आत्मदाह कर लेगी।
कन्नौज की गुरसहायगंज कोतवाली अंतर्गत समधन कस्बे में 24 अप्रैल को सामूहिक दुष्कर्म के बाद आरोपितों के वीडियो वायरल करने की घटना में लचर पुलिसिया कार्रवाई को लेकर पीडि़ता ने परिवार के लोगों के साथ लखनऊ में मुख्यमंत्री आवास के सामने आत्मदाह की धमकी दी है। इससे पुलिस महकमे में खलबली मच गई है।
समधन कस्बे के मोहल्ले की रहने वाली दुष्कर्म पीडि़ता ने बताया कि वह 24 अप्रैल को दोपहर में गुरसहायगंज कस्बे में दवा लेने गई थी। इसी दौरान नगर के तिराहे पर तालिब और सलमान उर्फ सल्लू निवासी पछाय पुर्वा, समधन ने उसे घर छोडऩे का हवाला दिया। उनके झांसे में आकर बाइक पर बैठ गई। दोनों आरोपी उसे तेराजाकेट पर एक नलकूप पर ले गए। वहां तालिब ने दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया जबकि सलमान ने वीडियो बना लिया। इसके बाद आरोपियों ने सोशल साइट्स पर वह वीडियो वायरल कर दिया। इसके बाद लगातार दुष्कर्म करने को लेकर धमकी दी। उसने बदनामी के डर से चुप्पी साध ली। इसी बीच 27 अप्रैल को वीडियो वायरल होने की जानकारी पर कोतवाली पहुंच तहरीर दी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया लेकिन आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं की।
आरोपी बना रहे दबाव, देते धमकी
पीडि़ता ने बताया की पुलिस के लचर रवैये के कारण आरोपियों के हौसले बुलंद हैं। अब वह समझौते को लेकर दबाव बना रहे हैं। परेशान होकर उसने मुख्यमंत्री से गुहार लगाई है। पीडि़त परिवार ने साथ ही धमकी दी है कि अगर आरोपियों को गिरफ्तार कर उन्हें फांसी या उम्रकैद की सजा नहीं दी जाती तो खुदकुशी कर लेंगे। पीडि़ता ने आरोपियों की पहचान तालिब और सलमान के तौर पर की है।जल्द सुनवाई नहीं हुई तो लखनऊ में सीएम आवास के सामने परिजनों समेत आत्मदाह करने को मजबूर होगी। एएसपी केसी गोस्वामी ने बताया कि दुष्कर्म व वीडियो वायरल करने वाले आरोपियों की तलाश में छापेमारी हो रही है। जल्द गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा। एक पुलिस टीम मुंबई भी भेजी गई है। मुख्यमंत्री के यहां शिकायत का मामला संज्ञान में नहीं है।