बारिश से कीचड़ व फिसलन, गर्मी से राहत
- जल निकासी का इंतजाम न होने से सब्जी मंडी की हालत खराब - कई मोहल्लों में घरों के अंदर त
- जल निकासी का इंतजाम न होने से सब्जी मंडी की हालत खराब
- कई मोहल्लों में घरों के अंदर तक पहुंचा गंदा पानी, लोग परेशान
संवाद सहयोगी, छिबरामऊ: बारिश होने पर गर्मी व उमस से राहत मिली, लेकिन निकासी के इंतजाम न होने से गलियों में पानी भर गया। सब्जी मंडी की स्थिति बेहद खराब रही। घरों में पानी भर गया। गलियों में कीचड़ व फिसलन से परेशानी बनी रही।
रविवार सुबह गर्मी व उमस रही। करीब नौ बजे मौसम का मिजाज बदल गया। आसमान में काले बादल छा गए। इसके बाद बारिश शुरू हो गई। करीब आधा घंटा तक तेज बारिश हुई। इसके बाद दोपहर एक बजे तक बूंदाबांदी होती रही। इससे गलियों में जलभराव हो गया। मोहल्ला जेरकिला, बजरिया, बिरतिया, प्रोफेसर कालोनी व गुड़ मंडी समेत कई जगह सड़कों में जलभराव से घरों में पानी भर गया। निकासी के इंतजाम न होने के कारण लोग पानी में घुसकर निकले। बारिश बंद होने के बाद हालात और खराब हो गए। जगह-जगह कीचड़ व फिसलन रही, जो पैदल व वाहन सवारों के लिए परेशानी बना रहा। सब्जी मंडी की हालत बेहद खराब रही। यहां जल निकासी का कोई इंतजाम नहीं है। लोगों को कीचड़ से जाकर सब्जी खरीदनी पड़ी। लोगों ने नगर पालिका से जल निकासी के उचित इंतजाम करने की मांग की है। वहीं, बारिश से किसानों के चेहरे खिल गए। धान की फसल को पानी मिला। इसके अलावा मूंगफली व मक्का को भी राहत पहुंचाई। अधिशासी अधिकारी सुरेंद्र कुमार ने बताया कि सभी प्रमुख नालों को नालियों से जोड़ा गया है। सफाई भी करवाई गई है। अधिक पानी बरसने पर देरी से निकास हो पाता है।