फसलों की खरीद के लिए एमएसपी को मिले कानूनी दर्जा
संवाद सहयोगी छिबरामऊ किसानों की फसलों की खरीद के लिए एमएसपी को कानूनी दर्जा दिया जाए। य
संवाद सहयोगी, छिबरामऊ: किसानों की फसलों की खरीद के लिए एमएसपी को कानूनी दर्जा दिया जाए। यह मांग भारतीय किसान यूनियन भानु के पदाधिकारियों ने की। उन्होंने प्रधानमंत्री को संबोधित आठ सूत्रीय मांग पत्र एसडीएम देवेश कुमार गुप्त को सौंपा।
शनिवार को संगठन के जिलाध्यक्ष गंगाचरन यादव के नेतृत्व में पदाधिकारी तहसील परिसर में एकत्रित हुए। सभागार में एसडीएम को बताया कि उनकी मांग है कि किसानों की फसल की खरीद एमएसपी पर सौ फीसद की जाए। मुफ्त बिजली उपलब्ध कराई जाए। गन्ना किसानों का भुगतान बिक्री के तीसरे दिन किया जाए। नकली खाद, बीज व कीटनाशक दवाओं की बिक्री करने वालों पर रासुका लगाई जाए। गांव के चौमुखी विकास में बाधक बन रहे प्रधानों की जांच कराई जाए। गड़बड़ी मिलने पर सख्त कार्रवाई की जाए। तहसीलों व ब्लाकों में व्याप्त भ्रष्टाचार पर भी जांच करवा कर कार्रवाई की जाए। ग्राम पंचायतों में कराए गए पांच वर्ष के कार्यों का भौतिक सत्यापन कराया जाए। उन्होंने कहा कि जिला कन्नौज की इकाई दिल्ली में किए जा रहे किसानों के प्रदर्शन का समर्थन करती है। यदि मांगों को शीघ्र ना माना गया तो वह भी पदाधिकारियों के साथ दिल्ली कूच करेंगे। इस दौरान राधेश्याम, विवेक, हरिश्चंद्र यादव, योगेश शाक्य, जितेंद्र यादव, मनोज कुमार, महावीर सिंह कश्यप व सुरेंद्र सिंह यादव मौजूद रहे।
प्रत्येक गांव में मुफ्त शिक्षा अभियान चलाएगी लोधी सेना
संवाद सहयोगी, छिबरामऊ: लोगों को शिक्षा के लिए जागरूक करना बेहद जरूरी है। ऐसे में मुफ्त शिक्षा का अभियान गांव-गांव चलाया जाएगा। वही शराब पीने से आए दिन विवाद के मामले सामने आते हैं। ऐसे में लोगों को जागरूक कर इसको भी गांव में बंद कराने का प्रयास किया जाएगा।
शनिवार को यह बात लोधी सेना के कानपुर मंडल अध्यक्ष अवनीश राजपूत ने कही। वह मोहल्ला जेरकिला में सभासद अतुल वर्मा के आवास पर स्वामी ब्रह्मानंद लोधी की 126वीं जयंती मनाते समय बोल रहे थे। कहा कि सभी को ब्रह्मानंद महाराज जी से शिक्षा लेनी चाहिए। अपने बच्चों को अच्छी शिक्षा देने का प्रयास करना चाहिए। ब्रह्मानंद महाराज शिक्षा के सागर है। उन पर सभी को गर्व की अनुभूति होती है। लोधी समाज के लोग एकजुट होकर रहें। इस दौरान कई पदाधिकारी व सदस्य मौजूद रहे।