जनपद को स्वच्छ बनाने के लिए करें सहयोग
31 तक चलेगा विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान।
जनपद को स्वच्छ बनाने के लिए करें सहयोग
जागरण संवाददाता, कन्नौज : विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान का शुभारंभ डीएम व एसपी ने प्रचार वाहनों को हरी झंडी दिखाकर किया। यह अभियान एक से 31 जुलाई तक चलेगा। इसमें आशा कार्यकर्ता घर-घर जाकर मरीजों को चिन्हित करेंगी। इसके बाद सूची प्रभारी चिकित्साधिकारी को दी जाएगी। इसके अलावा प्रेरित भी करेंगी। इसमें कई विभाग शामिल है।
शुक्रवार को डीएम राकेश कुमार मिश्र व एसपी प्रशांत वर्मा ने विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान को हरी झंडी दिखाकर प्रचार वाहनों को रवाना किया।
डीएम ने कहा कि सभी विभाग के अधिकारी व कर्मचारी पूरी निष्ठा, लगन के साथ जनपद को स्वच्छ बनाने में सहयोग करें। अभियान के दौरान स्वास्थ्य विभाग, नगर विकास विभाग, पंचायती राज व ग्राम्य विकास, पशुपालन विभाग, बाल विकास एवं पुष्टाहार, शिक्षा, दिव्यांगजन सशक्तीकरण, कृषि एवं सिंचाई, उद्यान विभाग समन्वित रूप से कार्यवाही संपादित कराएंगे। आशा व आंगनबाड़ी कार्यकर्ता प्रतिदिन क्षेत्र में घरों का भ्रमण करेंगी। बुखार के रोगियों की सूची बनाएंगी। इनफ्लुएंजा लाइक इलनेस, क्षय रोग व कुपोषित बच्चों की सूची तैयार कर एएनएम के माध्यम से ब्लाक मुख्यालय पर प्रस्तुत करेंगी। इस मौके पर मुख्य चिकित्साधिकारी डा. विनोद कुमार, नोडल अधिकारी डा. बृजेश शुक्ला, जिला मलेरिया अधिकारी डा. हिलाल अहमद खान समेत कई पदाधिकारी मौजूद रहे।