वृद्धा के मकान का आधा हिस्सा गिरा
संवाद सूत्र कसावा बारिश में वृद्धा का मकान गिर गया। तारा देवी के पति मौजीलाल जाटव की 15 वर्ष
संवाद सूत्र, कसावा: बारिश में वृद्धा का मकान गिर गया। तारा देवी के पति मौजीलाल जाटव की 15 वर्ष पहले बीमारी के चलते मौत हो गई थी। उनके चार पुत्र थे। एक पुत्र विनोद की कोरोना संक्रमण के समय मौत हो गई थी। दो पुत्र सुबोध प्रमोद दिल्ली में रहकर मजदूरी कर परिवार का भरण पोषण करते हैं। एक पुत्र राजेश उनके साथ रहते है। अभी तक उनकी शादी नहीं हुई है। तारा देवी को कोई भी सरकारी सुविधा नहीं मिल रही है। न ही राशन कार्ड बना है। वृद्धावस्था पेंशन भी नहीं मिल रही है। गुरुवार रात को मकान का काफी हिस्सा गिर गया। ऐसे में उनको पुत्र के साथ मकान के गिरने पर दबने का डर भी सता रहा है। पूछने पर कहती हैं कि इस ओर कोई देखने तक नहीं आता है। सभी से कह कर थक गए लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। उनके घर में केवल दो वोट हैं। इसलिए कोई उनकी तरफ ध्यान नहीं देता है। पूर्व प्रधान सुरेंद्र सिंह ने बताया कि आवास की सूची में नाम भेजा गया था। दलित के स्थान पर सामान्य में नाम शामिल हो गया था। इसकी वजह से आवास के लाभ से वंचित हो गई थी। इसे दुरुस्त करा दिया गया था। जल्द ही आवास मिल जाएगा। प्रभारी खंड विकास अधिकारी मनोज कुमार चतुर्वेदी ने बताया कि मामले की जांच कराई जाएगी। पात्र होने पर योजनाओं का लाभ भी दिलवाया जाएगा।
करणी सेना जिला अध्यक्ष अंकुर सिंह ने इंटरनेट मीडिया के माध्यम से भी तारा देवी के मामले को उठाया। उन्होंने समस्याओं का समाधान न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।