गणपति बप्पा मोरया, अगले बरस तू जल्दी आ..
-इत्रनगरी में सादगी के साथ किया गया प्रतिमाओं का भू-विसर्जन -पुष्पवर्षा और अबीर-गुलाल के साथ भक्
-इत्रनगरी में सादगी के साथ किया गया प्रतिमाओं का भू-विसर्जन
-पुष्पवर्षा और अबीर-गुलाल के साथ भक्तों ने निकाली शोभायात्रा
जागरण संवाददाता, कन्नौज : गणपति बप्पा मोरया, अगले बरस तू जल्दी आ..भक्तों ने सादगी के साथ विसर्जन शोभायात्रा निकाली। लोगों ने गणेश प्रतिमाओं पर पुष्पवर्षा की और अबीर गुलाल उड़ाया। इसके बाद अलियापुर घाट पर सादगी से गणेश प्रतिमाओं का भू-विसर्जन किया गया।
रविवार को शहर के मुहल्ला कटरा बहादुर, मीरा टोला, क्षेमकली मंदिर, बाबा कुआं, सरायमीरा समेत कई घरों में स्थापित गणेश प्रतिमाओं को लेकर भक्त निकले और पैदल ही प्रतिमा को लेकर पुलिस लाइन रोड से होकर अलियापुर घाट तक पहुंचे। नगर पालिकाध्यक्ष शैलेंद्र अग्निहोत्री ने वहां भक्तों के लिए व्यवस्थाएं कराईं। इस बार कोरोना संकट के कारण डीजे और जुलूस पर प्रतिबंध था। इस कारण भक्तों ने सादगी के साथ विघ्नहर्ता का विसर्जन किया। देर शाम तक अलियापुर घाट पर प्रतिमाओं का भू-विसर्जन किया गया। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था के लिए भारी संख्या में पुलिस बल मौजूद था।
------
घरों में मनाया गया अनंत चतुर्दशी का पर्व
रविवार को घरों में अनंत चतुर्दशी का पर्व मनाया गया। महिलाओं ने घरों में अनंत भगवान विष्णु की पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि की कामना की। इसके बाद घर के सभी सदस्यों ने अनंत धागा बांधकर लोककल्याण तथा सभी के निरोगी होने की कामना की। आचार्य सुनोराम द्विवेदी ने बताया कि अनंत चतुर्दशी महापर्व है। इस दिन भगवान विष्णु की पूजा करने से मनवांछित फल प्राप्त होते हैं। गणपति बप्पा मोरया, मंगल मूरति मोरया.
संवाद सहयोगी, तिर्वा : गणपति बप्पा मोरया, मंगल मूरती मोरया की धुन पर गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया। श्रद्धालुओं ने नगर में विसर्जन यात्रा निकाली और डीजे की धुनों पर झूमते रहे। साथ ही अबीर-गुलाल उड़ाया।
रविवार को कस्बे के अन्नपूर्णा नगर में शिवा बाथम, टिकू बाथम, उमाशंकर बाथम, सपना देवी, राहुल कुमार, सर्वेश कुमार समेत कई लोगों ने विसर्जन यात्रा निकाली। उन्होंने अन्नपूर्णा नगर से शुरूआत की और ठठिया चौराहा होते हुए ईशन नदी धोबी घाट पुल के नीचे विसर्जन किया। इसके साथ ही ठठिया चौराहा, तिर्वागंज, शनिदेव मंदिर समेत कई जगहों पर विसर्जन यात्रा निकाली गई। इसमें श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही। यात्रा में डीजे की धुन पर श्रद्धालु झूमते रहे और अबीर-गुलाल उड़ाया। इस मौके पर सत्यम राजपूत, शैलेंद्र कुशवाहा, विमलेश कुमार समेत कई लोग मौजूद रहे।