यूरिया खरीदने को किसान परेशान
- दो दिन पहले समिति पर आई थी 1000 बोरी खाद - किसान मनमाने तरीके से वितरण करने का लगा र
- दो दिन पहले समिति पर आई थी 1,000 बोरी खाद
- किसान मनमाने तरीके से वितरण करने का लगा रहे आरोप
संवाद सूत्र, तालग्राम: गेहूं, आलू व सरसों की फसल को इस समय खाद की जरूरत है। किसानों को खाद नहीं मिल पा रही है। ऐसे में वह किसान सेवा समिति से लेकर प्राइवेट दुकानों पर भटक रहे हैं। वहीं खाद वितरण में मनमानी करने का आरोप भी लगा रहे हैं।
गुरुवार को किसान खाद लेने के लिए किसान सेवा सहकारी समिति तालग्राम पहुंचे। वहां खाद उपलब्ध न होने की जानकारी दी गई। इस पर किसान नाराज हो गए। आरोप लगाया कि मनमाने तरीके से खाद का वितरण किया जाता है। गांव निकवा निवासी किसान नेकराम सिंह ने बताया खेतों में आलू की फसल है। 20 बोरी यूरिया की जरूरत है। किसान सेवा सहकारी समिति पर केवल पांच बोरी यूरिया मिली है। ये पर्याप्त नहीं है। बाजार में किसी कीमत पर यूरिया नहीं मिल रही है। तालग्राम के मोहल्ला गांधी नगर निवासी किसान अशफाक खान ने बताया 10 बोरी यूरिया चाहिए थी, लेकिन तीन बोरी ही मिली हैं। सभासद अतुल गुप्ता व राजेश शर्मा ने प्रशासनिक अधिकारियों से सहकारी समिति व बाजार में दुकानों पर यूरिया उपलब्ध करवाए जाने की मांग की। किसान सेवा सहकारी समिति तालग्राम के प्रबंधक सत्यवीर सिंह ने बताया कि तीन दिन पहले दो गाड़ी से 1,000 बोरी यूरिया आई थी। इसे किसानों में वितरित करवाया गया। जो पहले आया उसे बांट दी गई। किसानों की मांग को पूरा करने के लिए यूरिया की मांग की गई है। स्टाक आने पर इसका वितरण कराया जाएगा।