मंदिरों में भक्तों ने की महागौरी की पूजा-अर्चना
जागरण संवाददाता कन्नौज चैत्र नवरात्र की अष्टमी को भगवती महागौरी देवी की आराधना की गई। स
जागरण संवाददाता, कन्नौज : चैत्र नवरात्र की अष्टमी को भगवती महागौरी देवी की आराधना की गई। सुबह देवी मंदिरों में पहुंचकर भक्तों ने जल चढ़ाया और पूजा अर्चना की। भक्तों ने कोरोना मुक्ति की कामना की। सभी मंदिरों में कोविड नियम का पालन कराया गया। बिना मास्क के प्रवेश नही दिया गया।
चैत्र नवरात्र के आठवें दिन मंगलवार को शहर के फूलमती देवी मंदिर, सिंहवाहिनी देवी मंदिर, क्षेमकली देवी मंदिर, मां शीतला देवी, गोवर्धनी देवी समेत भक्तों ने कई देवी मंदिरों में पूजा-अर्चना की। भोर से ही मंदिर में जलाभिषेक किया। महिलाओं ने जलाभिषेक कर विधि विधान से मां की आराधना की। अष्ठमी का व्रत रखा और अपने घरों व मंदिर में कन्या भोज कराया।
आचार्य ने बताया कि मां दुर्गा के महागौरी स्वरूप की विधिपूर्वक आराधना की जाती है। महाअष्टमी के दिन मां महागौरी की आराधना करने से सुख और समृद्धि के साथ सौभाग्य की प्राप्ति होती है। भक्तों के सभी दुख दूर हो जाते हैं, वह पाप मुक्त हो जाते हैं। महागौरी को रातरानी का फूल प्रिय है। पूजा में उनको रातरानी का पुष्प अर्पित करें। पूजा के दौरान दुर्गा चालीसा और दुर्गा आरती करें। इसके पश्चात मां महागौरी के समक्ष अपनी मनोकामनाएं प्रकट कर दें। पूजा से प्रसन्न होकर माता महागौरी आपकी मनोकामनाओं की पूर्ति करेंगी।
नवरात्र पर हुआ देवी जागरण
संवाद सूत्र, गुरसहायगंज: गांव गौरी बांगर गंगा तट स्थित सिद्ध गौरी नाथ मंदिर पर अंबिका देवी दरबार में जागरण का आयोजन हुआ। इसमें अंबिका एंड जागरण पार्टी के संचालक श्रीनाथ गौड़ ने हवन पूजन के बाद ज्योति प्रज्जवलित कर गणेश वंदना की। इसके बाद सरस्वती वंदना, मां शारदे तुमको शत-शत नमन, कण-कण में शेरावाली मिलती है, हर डगरिया भगत को दर्शन मिलते है आदि भजनों से भक्ति विभोर कर दिया। शेर पर सवार दुर्गा मां की जीवंत झांकी आकर्षण का केंद्र रही। श्रीनाथ गौड़ द्वारा तारा रानी की कथा का रसपान करवाया गया। इस मौके पर अरुण कुमार, वीरपाल सिंह, छविनाथ सिंह, विनोद सिंह, सर्वेश गौतम, गिरीश सिंह आदि लोग मौजूद रहे।