योग गीत से दुनिया में छाया कन्नौज का अमन
जागरण संवाददाता कन्नौज विश्व योग दिवस पर योग करेंगे हम लोग गीत को यू-ट्यूब पर 1.78 ल
जागरण संवाददाता, कन्नौज : विश्व योग दिवस पर ''योग करेंगे हम लोग'' गीत को यू-ट्यूब पर 1.78 लाख से भी अधिक लोग देख चुके हैं। यह गीत कन्नौज की दो होनहार प्रतिभाओं का है, जिससे मुंबई की प्रख्यात कंपनी टाइम्स म्यूजिक ने रिलीज किया है। आज भी यह गीत सोशल मीडिया पर धूम मचा रहा है।
शहर के तिर्वा रोड गोलकुआं स्थित मुलायम नगर निवासी जिला पंचायत सदस्य संतोष यादव के बेटे अमन यादव ने इस गीत को अपनी आवाज दी है तो उसके बड़े भाई अभिषेक यादव ने इस गीत को शब्दों से सजाते हुए दोनों भाइयों ने इत्रनगरी का नाम रोशन किया है। प्रेरणा गीत में अमन ने युवाओं को योग करने के लिए प्रेरित किया है, जिसका मूल भाव है कि यदि तन-मन स्वस्थ रहेगा तो जीवन का हर लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है। अमन बताते हैं कि इससे पहले उनका गाना ''तन्हा रहा'' रिलीज हुआ था, यह गाना भी बड़े भाई अभिषेक यादव ने लिखा था। इस गीत को भी लाखों लोगों ने पसंद कर डाउनलोड किया था।
साधना से मिली संगीत प्रभाकर की उपाधि
युवा गायक अमन यादव बताते हैं कि संगीत सिर्फ मनोरंजन नहीं है, बल्कि साधना है। देश के जाने-माने ध्रुपद व धमार गायक पंडित विनोद कुमार द्विवेदी के सानिध्य में रहकर उन्होंने संगीत साधना की है। उन्हीं के निर्देशन भारतीय शास्त्रीय संगीत की विद्या सीखी, जिसके कारण संगीत प्रभाकर की डिग्री मिली है। पिता संतोष यादव ने बताया कि बेटे को संगीत से बचपन से ही रुचि थी, इसलिए उसने इसी क्षेत्र में अपना कॅरियर बनाया। बेटे को अल्प समय में मिलने वाली इस उपलब्धि से वह गर्व का अनुभव कर रहे हैं।